एकौना (देवरिया)। पचलड़ी गांव के रहने वाले कांग्रेस कार्यकर्ता की रविवार की रात मौत हो गई। वह राहुल गांधी के किसान यात्रा के प्रचार में लगे थे। रात करीब एक बजे घर लौटते समय वह पुलिया से नीचे गिर गए।
घटना राहुल गांधी को लैंड करने के लिए बने हेलीपैड से करीब 200 मीटर दूर की है। पचलड़ी निवासी वकील सिंह उम्र कांग्रेस कार्यकर्ता थे। वह राहुल गांधी के किसान यात्रा के कार्यक्रम में दिन रात सहयोग में जुटे थे। रविवार की रात प्रचार प्रसार करने के बाद वकील सिंह हेलीपैड का जायजा लेने पहुंचे। वहां से लौटते समय रास्ते में पड़ने वाली पुलिया पर बैठ गए।
लोगों के अनुसार वह अकेले ही बैठे थे और पुलिया के नीचे पानी में गिर गए। सोमवार की सुबह हेलीपैड पर काम करने आए मजदूरों ने उसका शव देख कर गांववालों को बताया। शव के साथ कांग्रेस का झंडा मिला।
गांववालों ने मिलकर शव को बाहर निकाला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वकील सिंह के मौत की खबर सुनकर कई दलों के नेता शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे। सपा नेता प्रदीप यादव, हरेंद्र सिंह त्यागी ने कांग्रेसी कार्यकर्ता की मौत पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने उसके परिवार को आर्थिक सहयोग दिलाने का आश्वासन दिया।