सोन्दा के पास सरिया लदी ट्रक में पीछे से टक्कर मारने वाला ट्रक क्षतिग्रस्त।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। गिट्टी लेकर जा रही तेज रफ्तार ट्रक सड़क किनारे खड़ी सरिया लदे ट्रक से टकरा गई। पहिया चेक रहे सरिया लदे ट्रक चालक की चपेट में आने से मौत हो गई। जबकि खलासी घायल हो गया। यह हादसा रात करीब एक बजे हुआ। बलिया, उभांव के चकरासो गांव निवासी गोपीचंद पुत्र तूफानी ट्रक चालक था। मंगलवार की रात वह गोरखपुर से सरिया लेकर बेल्थरा की ओर जा रहा था।
शहर के सावित्री नर्सिंग होम के पास सड़क किनारे ट्रक खड़ी कर पहिया चेक करने लगा। उसी समय गोरखपुर की तरफ से तेज रफ्तार गिट्टी लदा ट्रक पीछे से टकरा गया। इसकी चपेट में आने से सरिया लदे ट्रक का चालक गोपीचंद आ गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। गिट्टी लदे ट्रक के अगले हिस्से में सरिया घुस गया। संयोग ठीक था कि उस ट्रक का चालक कूदकर भाग गया। जबकि गिट्टी लदे ट्रक में बैठा खलासी घायल हो गया।
ट्रकों के टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि जेल चौकी पर तैनात सिपाही उधर दौड़े। पुलिस ने ट्रक में फंसे चालक को बाहर निकाला और इलाज के बाद घर भेज दिया। शव की शिनाख्त करने के बाद कोतवाली पुलिस ने गोपीचंद के घरवालों को हादसे की जानकारी दी। हादसे की जानकारी मिलने पर लोग बलिया से देवरिया के लिए चल दिए। इस बाबत प्रभारी कोतवाल ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।