फोटो समाचार:....
देवरिया के चार व्यापारियों की अयोध्या में मौत
कानपुर से कपड़ा खरीदकर लौटते समय फैजाबाद के शारदा नहर पर हुए हादसे के शिकार
सूचना मिलने पर परिवारवालों का रो-रोकर हुआ बुरा हाल, इलाके लोग हुए सन्न
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। गौरीबाजार इलाके के लिए रविवार मनहूस खबर आई। कानपुर से कपड़ा खरीदकर लौट रहे इलाके के चार युवा व्यापारियों की मौत हो गई। कार फैजाबाद के रुदौली थानाक्षेत्र के शारदा नहर से नीचे जा गिरी थी। इस हादसे में एक व्यापारी सुरक्षित बच गया है। सूचना मिलते ही परिवारवालों में कोहराम मच गया। इलाके के लोग चार युवा व्यापारियों की एक साथ मौत होने से मर्माहत हैं। रविवार की सुबह हुए हादसे की सूचना मिलते ही परिवार के लोग फैजाबाद के लिए रवाना हो गए। बताया जा रहा है कि सभी एक साथ कानपुर में खरीदारी करने गए थे। तीन बजे एक की नींद खुली और घर चलने को कहा। इसी में से किसी एक ने रोका, लेकिन सुबह दुकान खोल लेने की बात कहकर निकल लिए। इनको क्या पता था कि रास्ते में उनको मौत बुला रही है। जल्दबाजी के चक्कर में चार की जान चली गई।
नई दुकान के लिए कपड़ा खरीदने गया था अजय
गौरीबाजार के गौरीबुजुर्ग गांव निवासी अजय यादव (26) ने थाने के पास कपड़े की नई दुकान बनवाई है। नवरात्र में इसका उद्घाटन करना था। दुकान के लिए वह कपड़ा खरीदने के लिए अन्य व्यापारियों के साथ कानपुर गया था। लौटते समय कार के अनियंत्रित होकर नहर में गिरने से उसकी मौत हो गई। अजय दो भाइयों में छोटा था। बड़ा भाई संतोष और पिता रमाकांत यादव खेती का काम करते हैं। बहन की वंदना की शादी हो गई है। यशोदा छोटी है। अजय की मौत की खबर मिलते ही परिवारवालों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इसी साल उसकी शादी भी होनी थी।
नहर की तेज धार में बह गया दीपराज, नहीं मिला शव
गौरीबाजार कस्बा निवासी दीपराज उर्फ दीपू जायसवाल (26) पुत्र हरिश्याम जायसवाल की कस्बे में बीज-भंडार की दुकान है। दो भाइयों में बड़े दीपू की दो साल पहले नेहा से शादी हुई थी। उनका एक साल का बेटा हरिओम है। दोस्त अजय यादव के कहने पर वह साथ में कानपुर गया था। उसे क्या पता था कि यह सफर उसके लिए आखिरी होगा। नहर की तेज धार में वह बह गया। गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश कराई जा रही है। देर शाम तक उसका पता नहीं चल सका था। छोटा भाई अकाश, मां मीरा देवी, बहन अन्नू वह एक अन्य का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
लगन के लिए कपड़ा खरीदने गया था मोहम्मद शाद
गौरीबाजार के मदैना गांव निवासी सतुल्लाह रेलवे में नौकरी करते हैं। उनके बड़े बेटे मोहम्मद शाद (27) ने इंदुपुर चौराहे पर कपड़े की दुकान खोली है। अन्य लोगों का साथ मिलने पर वह कानपुर में कपड़े की खरीदारी करने गया था। साथियों संग रविवार की सुबह लौट रहा था। हादसे में उसके मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी गुलशान, बहन, भाई और पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार के लोग हादसे की खबर सुनकर फैजाबाद के लिए रवाना हो गए। मृतक मोहम्म्द शाद का दो साल का एक बेटा है। उसके सिर से पिता का छाया उठ गया है।
साजिद की भी है कपड़े की दुकान, खरीदने गया था सामान
इंदूपुर गांव निवासी राजहुसैन विदेश में रहते हैं। उनका बेटा साजिद (25) चौराहे पर कपड़े की दुुकान चलाता था। साथ मिलने पर वह कानपुर में कपड़े की खरीदारी करने गया था। उसको लग रहा था कि इस लगन में अच्छी-खासी कमाई कर लेंगे। फैजाबाद में कार के अनियंत्रित होकर नहर में गिरने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को निकालकर पोस्टमार्टम कराया। छोटू, गोलू उसके भाई हैं। तीन साल पहले उसकी शादी रवीना से हुई थी। एक साल का बेटा भी है। साजिद की मौत की खबर सुनते ही परिवारवालों में कोहराम मच गया। रवीना को तो काठ मार गया था।
...और बच गया मोनू
फैजाबाद के रुदौली थानाक्षेत्र में फोरलेन से शारदा नहर में गिरी कार में सवार गौरीबाजार का मोनू अहमद (25) पुत्र मुस्तफा अंसारी बच गया। कस्बा निवासी मोनू की रामपुर चौराहे पर कपड़े की दुकान है। वह अन्य लोगों के साथ कानपुर में कपड़े की खरीदारी करने गया था। कार उसी की है और चला भी वही रहा था। सभी मिलकर एक साथ कपड़ा खरीदे और रविवार की सुबह गौरीबाजार लौट रहे थे। बताया जा रहा है नहर में कार के गिरने के दौरान उसने फाटक का लॉक खोल लिया और बाहर निकल गया। जबकि अन्य लोग नहीं निकल पाए। पानी में डूबने से सभी की मौत हो गई।