सलेमपुर। कोतवाली के कौड़िया जयराम गांव में बोलेरो और बाइक से आए लोगों ने घरवालों की पिटाई कर शादी के लिए रखा एक लाख 42 हजार रुपये लूट लिए। सभी घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर पत्नी और उसके मायके वालों पर आरोप लगाया है।
कोतवाली के कौड़िया जयराम गांव का जहांगीर वाहन चलाता है। उसकी दो शादियां हुई थीं। पहली पत्नी से पैदा हुई बेटी की शादी मझौलीराज में तय है। 26 अप्रैल को शादी थी। इसके लिए वह घर पर एक लाख 42 हजार रुपये बैग में रखा था। आरोप है कि बुधवार शाम पांच बजे बोलेरो व बाइक पर सवार करीब 10 लोग पहुंचे। इसमें कुछ महिलाएं भी शामिल थीं। घर में मौजूद जहांगीर की बहन नसीमा और बेटी धन्नी को पीटने लगे। उसके बाद बैग में शादी के लिए रखे एक लाख 42 हजार रुपये लूट लिया। इसी बीच जहांगीर घर पहुंचा तो उसकी भी डंडे से पिटाई की। पीड़ित ने तत्काल यूपी-100 को सूचना दी। सभी घायलों का उपचार सीएचसी पर कराया गया। पीड़ित ने गुरुवार को अपनी पत्नी, उसके भाइयों पर लूट, मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। इस बाबत कोतवाल चंद्रिका प्रसाद जैसल ने बताया कि तहरीर मिली है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।