लार और मझौलीराज में लगी आग, 17 लाख का नुकसान
लार नगर के गुटखा के गोदाम में लगी आग, सुबह हुई जानकारी
मझौलीराज में चूल्हे की चिंगारी से चार झोपड़ी जलकर हुई राख
अमर उजाला ब्यूरो
लार/सलेमपुर। लार नगर के शिवमंदिर रोड में एक गुटखा का गोदाम जलकर राख हो गया। सुबह इसकी जानकारी दुकानदार को हुई। आग लगने का कारण पता नहीं चल सका। दुकानदार ने इसकी शिकायत पुलिस से की है। इसके अलावा मझौलीराज नगर के के वार्ड नंबर 13 में रविवार की रात आग में चार झोपड़ी जलकर राख हो गई। आसपास के लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। दोनों आगलगी की घटना में करीब 17 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
लार थानाक्षेत्र के भेड़िहरवा टोला निवासी शंकर गुप्ता के पास रजनीगंधा गुटखा की एजेंसी है। नगर के शिवमंदिर रोड में इसका गोदाम है। रोज की तरह वह रविवार की शाम गोदाम का ताला बंद कर घर चला गया। सोमवार को भोर में मार्निंग वाक पर निकले लोगों ने गोदाम से धुंआ निकलता देख इसकी सूचना शंकर को दिए। दुकानदार ने ताला खोला तो दुकान में रखा गुटखा जलकर राख हो गया था। दुकान में बिजली का कनेक्शन नहीं है। बावजूद इसके आग लगना साजिश को दर्शाता है। शंकर गुप्ता ने पुलिस को तहरीर देकर 16 लाख रुपये का नुकसान होने का दावा करते हुए कुछ लोगों पर गोदाम में आग लगाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। वहीं मझौलीराज के वार्ड नंबर 13 निवासी जैनुद्दीन मुर्गा की दुकान चलाता है। रविवार रात चूल्हे पर चाय बनाया और मुर्गा लेकर गाड़ी आई तो वहां चला गया। चूल्हे से निकली चिंगारी से झोपड़ी में आग पकड़ ली। अभी लोग समझ पाते कि आग चार झोपड़ियों को अपने चपेट में ले लिया। झोपड़ी में रखा आठ हजार नकदी, अनाज समेत करीब एक लाख रुपये का घरेलू सामान जलकर राख हो गया।