महुजा गांव में पुलिस की लाठी से घायल महिला चोट दिखाती हुई
भाटपाररानी थाना क्षेत्र के ग्राम महुजा में एक दिन पूर्व शराब की नई दुकान खोलने को लेकर हुई मारपीट में पुलिस ने शराब की दुकान के सेल्स मैन की तहरीर पर गांव के तीन महिलाओं सहित आठ लोगों पर नामजद तथा 40 अज्ञात के विरुद्ध बलवा का मुकदमा दर्ज किया है
बिहार सीमा पर स्थित ग्राम महुजा में शराब की नई दुकान खोलने को लेकर गांव की महिलाएं व पुरूष पिछले कई दिनों से आंदोलित हैं।
मंगलवार को इसी बात को लेकर गांव के लोगों तथा दुकानदार पक्ष के कुछ लोगों के बीच जमकर मारपीट हुई थी। जिसमें दोनों पक्ष के कई लोग घायल हो गए थे। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को खदेड़ा और घायलों का इलाज भाटपाररानी पीएचसी पर कराया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया था कि पुलिस ने उन्हें पीटा है। जबकि पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से हुई मारपीट में लोग घायल हैं।
थानाध्यक्ष गजेन्द्र राय ने बताया कि शराब के दुकान के सेल्समैन रूद्रपुर निवासी जटाशंकर तिवारी की तहरीर पर प्रभाकर पांडेय, सौरभ पांडेय, अरविंद पांडेय, जनक कुशवाहा, आशुतोष पांडेय, रूगदी देवी, बलकेशियादेवी, सनमती देवी सहित आठ लोगों पर नामजद तथा 40 अज्ञात लोगों के विरूद्ध बलवा का केस दर्ज कर लिया गया है। दूसरे पक्ष से अभी तक इस मामले में कोई तहरीर नही आई है। तहरीर आने पर केस दर्ज कर लिया जाएगा और उचित कार्रवाई की जाएगी।