उभांव थाना क्षेत्र के तरछापार हदौड़ा मार्ग पर बुधवार को अपराह्न हौसला बुलंद बाइक सवार बदमाशों ने सेवानिवृत्त रेलकर्मी से एक लाख एक हजार रुपये छीन लिए। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से भाग निकले। पुलिस ने नाकेबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। लेकिन बदमाश भागने में सफल रहे।
थाना क्षेत्र के पटनारी गांव निवासी बब्बन शुक्ला रेलवे के सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। बुधवार को उन्होंने भारतीय स्टेट बैंक बेल्थरारोड की शाखा से एक लाख एक हजार रुपये निकाले। रुपये कपड़े के झोले में रख कर झोला उन्होंने साइकल के हैंडिल में लटका दिया और घर के लिए चले।
तरछापार हदौड़ा मार्ग पर पीछे से बाइक पर पर आए दो युवकों ने ओवर टेक कर रोक लिया और झोला छीनकर मधुबन की ओर भाग निकले। घटना की जानकारी होते ही पुलिस ने क्षेत्र की नाकेबंदी कर दी। लेकिन बदमाश पुलिस के पकड़ में नहीं आ सकें।
लूट की घटना से क्षेत्र में भय व्याप्त है। इस बाबत सीओ सिकंदरपुर श्यामदेव ने बताया कि मामले की जानकारी होने के साथ ही क्षेत्र की नाकेबंदी कर बदमाशों की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।