दरौली थाना के मुड़ा खाप में अनियंत्रित बस खाई में गिरी
- फोटो : अमर उजाला
लार। सीमा से सटे सीवान जिले दरौली थाने के मुड़ा खाप गांव के मठिया मध्य विद्यालय के पास सोमवार की सुबह करीब छह बजे एक निजी स्कूल की बस पलट जाने से उसमें सवार दर्जन भर छात्र घायल हो गए। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने छात्रों को निकाला। आसपास के लोगों ने घायलों का एक निजी चिकित्सक से प्राथमिक उपचार कराया। गंभीर रूप से चार घायल छात्रों को सीवान सदर अस्पताल भेजा गया है। नाराज ग्रामीणों ने बस और स्कूल प्रबंधन की गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दी।
दरौली थानाक्षेत्र के दोन के एक कान्वेंट स्कूल की बस में सोमवार को करीब 50 छात्र सवार थे। स्कूल बस अभी मठिया गांव के पास पहुंची थी कि बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग पहुंच गए और छात्रों को बस से निकाला। घटना के करीब तीन घंटे बाद विद्यालय प्रशासन पहुंचा। आरोप है कि विद्यालय प्रबंधन ने ग्रामीणों को अपशब्द कहे, इससे लोग नाराज हो गए। ग्रामीणों ने बस और स्कूल प्रशासन की गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दी। ग्रामीणों के उग्र तेवर विद्यालय प्रबंधन के लोग भाग खड़े हुए। ग्रामीणों को कहना था कि आज स्कूल बस को चालक की जगह खलासी चला रहा था। इस कारण यह दुर्घटना हुई।