अब जेल में ट्रैक्टर से होगी खेत की जुताई
जेल प्रशासन ने की है खरीदारी, एक से दो दिन में आएगा जिले में
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। जिला जेल में खेत की जुताई बैलों की जगह अब ट्रैक्टर से होगी। जेल प्रशासन की ओर से ट्रैक्टर खरीद लिया गया है। एक से दो दिन में जिला जेल में भी ट्रैक्टर आ जाएगा। इससे बैल और जुताई करने वाले बंदियों को राहत मिलेगी।
जेल में खेतों की जुताई का काम अब तक हल व बैल से होता था। एक जोड़ी बैल से जेल की सारी खेती की जाती थी। जेल के सजायाफ्ता बंदी हल चलाने का काम करते थे। वहीं बैलों की देखरेख भी करते हैं, अब जेल प्रशासन की ओर से इसकी सुधि ली गई। शासन स्तर पर पिछले दिनों जिला जेलों के लिए ट्रैक्टर की खरीदारी कर ली गई। देवरिया जेल में भी एक ट्रैक्टर आएगा। जेल अधीक्षक दिलीप कुमार पांडेय ने बताया कि एक से दो दिन में ट्रैक्टर यहां आ जाएगा।
इनसेट में-
सिपाही ही चलाएंगे ट्रैक्टर
जिला जेल के वाहनों को चलाने वाले जेल सिपाही ही ट्रैक्टर चलाएंगे। ट्रैक्टर से जुताई करने में कम वक्त लगेगा। जब जुताई का सीजन होगा तो विशेष कार्य न होने पर चालकों को कहीं नहीं भेजा जाएगा।
इनसेट में
छोटी जगहों पर बैलों से होगी जुताई
जिला जेल को ट्रैक्टर तो मिल रहा है। इसके साथ ही बैल भी रहेंगे। छोटी जगहों पर खेतों की जुताई के लिए बैलों का उपयोग किया जाएगा। कुछ बंदी हल से जुताई करने में एक्सपर्ट हैं।