पोस्टमार्टम चौराहा पर पीडब्लूडी लिपिक की पिटाई
बाइक से आए पांच युवकों ने रास्ते में घेरकर लाठी से पीटा
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। पीडब्लूडी प्रांतीय खंड कार्यालय में कर्मचारियों का विवाद सड़क पर पहुंच गया। घर जा रहे लिपिक को रास्ते में घेरकर कुछ लोगों ने पिटाई कर दी। उनका इलाज जिला अस्पताल में हुआ। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पीडब्लूडी कार्यालय के लिपिक वीरेंद्र शुक्रवार की देर शाम दफ्तर से घर लौट रहे थे। रात करीब 8 बजे पोस्टमार्टम चौराहा के पास बाइक से पहुंचे पांच युवकों ने रोका और धमकाने लगे। कार्यालय में मनमानी का हवाला देते हुए डंडे से पिटाई कर दी। मारपीट से चौराहे पर भगदड़ मच गई। खून से लथपथ वीरेंद्र को लोगों ने जिला अस्पताल पहुंचाया। बताते हैं कि कार्यालय में विभागीय कार्यों को लेकर एक कर्मचारी से वीरेंद्र की खींचतान चल रही थी। शुक्रवार को दोपहर में भी उनकी कहासुनी हुई थी। घटना उसी से जोड़कर देखी जा रही है। कोतवाली प्रभारी यादवेंद्र पाल ने बताया कि तहरीर मिली है। कार्यालय से जुड़ा विवाद लग रहा है। इसकी जांच चल रही है।