दरवाजे पर चढ़कर चैयरमैन को हिस्ट्रीशीटर ने दी धमकी
पुलिस को देख भागे असलहाधारी साथी, हिस्ट्रीशीटर समेत दो गिरफ्तार
पुलिस ने दोनों पर धमकी देने का दर्ज किया केस, दहशत में चेयरमैन का परिवार
अमर उजाला ब्यूरो
भाटपाररानी। चेयरमैन के दरवाजे पर चढ़कर हिस्ट्रीशीटर ने जान से मारने की धमकी दी। इससे पूरा परिवार दहशत में आ गया। हरकत में आई पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर समेत दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य असलहाधारी साथी भाग निकले। पुलिस ने तीन लोगों पर केस दर्ज किया है।
वार्ड नंबर नौ निवासी सपा नेता चेयरमैन संजय कुमार गुप्ता का मकान, दुकान है। शनिवार की रात करीब 10 बजे जिले का चर्चित हिस्ट्रीशीटर राजेश यादव असलहाधारी साथियों के साथ दरवाजे पर पहुंचा। चेयरमैन को दुकान से बाहर बुलाकर धमकाने लगा। विरोध करने पर पूरे परिवार को गोली से उड़ाने की धमकी दी। रात को शोर सुनकर आस-पास के लोगों की भीड़ जुट गई। इसकी सूचना किसी ने पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने रामपुर लिटिहा वार्ड निवासी राजेश यादव और इसके साथी विंध्यवासनी वार्ड निवासी मनोज चौहान को दबोच लिया। रात होने के कारण अन्य बदमाश भागने में सफल रहे। चेयरमैन की तहरीर पर पुलिस ने दोनों बदमाशों समेत एक अज्ञात पर जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज कर लिया। एसओ रविंद्र कुमार रवि ने बताया कि राजेश यादव थाने का हिस्ट्रीशीटर है। इसे और इसके साथी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
इनसेट
भाटपाररानी में राजेश का रैकेट सक्रिय है
भाटपाररानी। राजेश यादव चेयरमैन संजय गुप्ता के खिलाफ चेयरमैन पद के लिए चुनाव लड़ा था। इसके ऊपर जिले के कई थानों में दस से अधिक गंभीर धाराओं में केस दर्ज है। करीब तीन साल पूर्व सलेमपुर नगर के ओवरब्रिज पर आरटीओ बनकर रात को ट्रक वालों से तारबाबू यादव और राजेश यादव अपने साथियों के साथ वसूली कर रहे थे। उधर से गुजर रहे मझौलीराज चौकी इंचार्ज सुबाष यादव ने विरोध किया तो दोनों बदमाश बोलेरो में जबरन इन्हें बैठा लिए और लेकर भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर इन बदमाशों को पकड़ा था। इसमें मामले में दोनों बदमाश काफी दिनों तक जेल की सलाखों में रहे। भाटपाररानी में राजेश यादव विवादित जमीन कब्जा कराने और खरीद-फरोख्त का काम करता है। इसका इलाके में मजबूत रैकेट सक्रिय है। चेयरमैन को धमकी देने का कारण जमीन से जुड़ा विवाद बताया जा रहा है।
नगर पंचायत कर्मचारी खफा, बदमाश पर सख्ती की मांग
चेयरमैन के साथ हुई घटना की निंदा की
अमर उजाला ब्यूरो
भाटपाररानी। चेयरमैन संजय गुप्ता को धमकी दिए जाने से नगर पंचायत कर्मचारियों में नाराजगी है। रविवार को कार्यालय पर कर्मचारियों ने बैठक कर घटना की निंदा की। सुरक्षा की मांग करते हुए हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी।
कर्मचारियों का आरोप है कि हिस्ट्रीशीटर चेयरमैन पर दबाव बनाकर गलत काम करवाना चाहता था। इसको लेकर कई दिनों से दबाव बना रहा था। बात नहीं मानने पर बदमाश ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी है। बदमाश और इसके साथियों को गैंगेस्टर की कार्रवाई की जाए। कार्यालय की सुरक्षा बढ़ाई जाए। ऐसा नहीं होने पर हड़ताल पर जाने की कर्मचारियों ने चेतावनी दी। इस दौरान रणवीर प्रताप सिंह, विक्रम प्रसाद, सुरेश यादव, रामवृक्ष मणि, पवन कुमार राय, नरेंद्र कुमार, विरजानंद यादव, राजेश प्रसाद, राधाकृष्ण प्रसाद आदि मौजूद रहे।
बनकटा पुलिस ने लुटेरों को दबोचा
बनकटा। हरेराम चौराहे पर घेरेबंदी कर पुलिस ने लूट की घटना में वांछित बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। पूर्व में हुई लूट के मामले में मुजफ्फरपुर जिले के बराजी गांव निवासी अजय कुमार यादव शामिल था। पुलिस की पूछताछ में बताया कि उसने इस थाना क्षेत्र में अपने साथी प्रतापपुर मिश्रौली निवासी चंद्रशेखर यादव, सारंग जिले के सरयाबसंत निवासी अजय सिंह उर्फ गुड्डू के साथ मिलकर लूट की घटना को अंजाम दिया है। पुलिस ने अजय कुमार यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।