पांच हजार रुपये व मोबाइल लूटने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
शामली। क्षेत्र के गांव सिंभालका निवासी देवेंद्र शहर के बुढ़ाना रोड स्थित भारतीय स्टेट बैंक में सुरक्षा गार्ड की नौकरी करता है। रविवार को देवेंद्र ने आदर्श मंडी थाने में तहरीर देकर बताया कि सुबह के समय वह माजरा रोड से होकर गुजर रहा था। इस दौरान बाइक पर तीन युवक उसके पास आए और उसे रुकने का इशारा किया। इस पर पर रुक गया। आरोप है कि इस दौरान तीनों युवकों ने पहले तो तमंचा दिखाकर उसे डराया और इसके बाद उसके पास से मोबाइल व पांच हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। आरोपियों के फरार होने के बाद उसने शोर मचाया, लेकिन आरोपी लोगों के भी हाथ नहीं आए। पीडित ने मुकदमा दर्ज करते हुुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि पहले पूरे मामले की जांच की जाएगी, जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।