खुखुंदू। स्थानीय चौराहे के पास बुधवार की सुबह देवरिया मार्ग पर झाड़ियों में युवक की लाश मिली है। उसके सिर और गुप्तांग पर चोट के निशान पाए गए हैं। चेहरा भी काला पड़ गया था। युवक मंगलवार को घर से रिश्तेदार के साथ निकला था, उसके बाद से वापस नहीं लौटा था। परिजनों ने रिश्तेदार पर ही हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया है। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
सरयां गांव निवासी रियाजुद्दीन पुत्र यासीन का परिवार सरयां चौराहे पर मकान बनवाकर रहता था। परिजनों के मुताबिक सोमवार की रात रियाजुद्दीन की ससुराल से जुड़ा एक रिश्तेदार उनके घर आया था। रात में भोजन के बाद दोनों छत पर सोने चले गए। मंगलवार की सुबह उठते ही रियाजुद्दीन उसके साथ कहीं चला गया। पत्नी मैरून्निशा के मुताबिक मंगलवार की शाम को फिर वही रिश्तेदार बोलेरो गाड़ी से तीन अन्य लोगों के साथ घर आया और रियाजुद्दीन के बारे में पूछने लगा। मोबाइल और 800 रुपये लेने का आरोप लगा रहा था। कुछ देर बाद यह कहते चले गए कि रियाजुद्दीन को वह खोजबीन न करें। इसके बाद से रियाजुद्दीन का पता नहीं चला। रात में कई बार मोबाइल पर संपर्क की कोशिश की गई, लेकिन फोन बंद था। बुधवार की सुबह चौराहे के पास सड़क किनारे झाड़ी में लाश मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। पत्नी मैरुन्निशा और भाई ग्यासुद्दीन ने हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया है। रियाजुद्दीन के सिर और गुप्तांग में जख्म के निशान थे। पूरा चेहरा काला पड़ गया था। एसओ भूपेंद्र सिंह का कहना था कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। परिजनों की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर छानबीन की जाएगी।