प्रतापपुर। बनकटा थानाक्षेत्र के रतसिया प्राथमिक विद्यालय के पास सोमवार की दोपहर बाइक सवार तीन बदमाशों ने पिता-पुत्र को गोली मारकर 3.98 लाख रुपये लूट लिए। दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश बिहार की ओर भाग गए। घायल पिता-पुत्र को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश में कई जगह नाकेबंदी की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी।
रतसिया गांव निवासी अजय सिंह (45) घर पर ही ग्राहक सेवा केेंद्र चलाते हैं। ग्राहकों से लेन-देन के लिए सोमवार को वह सेंट्रल बैंक की प्रतापपुर शाखा से 3.98 लाख रुपये निकाल कर बाइक से घर जा रहे थे। उनका बेटा प्रियांशु (21) रुपये से भरा बैग लेकर बाइक पर पीछे बैठा था। दोनों रतसिया प्राथमिक विद्यालय के पास पहुंचे तभी अचानक एक बाइक पर सवार तीन बदमाश उनके पास आए और तमंचा निकाल कर फायर कर दिया। इसमें एक गोली अजय सिंह के हाथ में और दूसरी गोली पीछे बैठे प्रियांशु के कमर में लगी। गोली लगते ही दोनों बाइक से गिर पड़े। उधर, बदमाश बैग छीनकर बिहार की ओर भाग गए। आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना देते हुए घायल पिता-पुत्र को बनकटा सीएचसी पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। प्रियांशु की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। इस संबंध में बनकटा एसओ देवेंद्र यादव का कहना था कि सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी। जगह-जगह नाकेबंदी कर तलाश कराई जा रही है। जल्द ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा।