देवरिया। साइकिल से सामान खरीदने जा रहे युवक को बोलेरो चालक ने ठोकर मार दिया। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई, जबकि साथ में जा रहा उपेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
रुद्रपुर कोतवाली इलाके के परसा जंगल गांव के रामयादी का 18 वर्षीय बेटा श्रवण और रवि प्रसाद का 11 वर्षीय बेटा उपेंद्र प्रसाद रविवार को दिन के साढ़े तीन बजे साइकिल से गांव के चौराहे पर जा रहे थे। उसी समय सामने से आ रहे बोलेरो ने साइकिल में ठोकर मार दिया। श्रवण को गंभीर चोट लगी और मौके पर ही उसने तम तोड़ दिया। उपेंद्र को भी गंभीर चोट लगी है। दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने श्रवण को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद चालक बोलेरो लेकर भाग गया। कुछ लोगों ने पीछा किया, लेकिन असफल रहे। सूचना मिलने ही परिवार के लोग जिला अस्पताल पहुंचे। यहां सभी दहाड़े मारकर रो रहे थे। परिवार और गांववालों का कहना था कि बोलेरो चालक की गलती से युवक की मौत हुई है।