रामनाथ देवरिया में चोरी के बाद बिखरा पड सामान।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। शहर के रामनाथ देवरिया वार्ड नंबर-दो उमानगर में चोरों ने दिन दहाड़े एक मकान में चोरी की। घर का ताला तोड़कर चोर पांच लाख रुपये से अधिक के गहने चुरा ले गए। उपचार कराकर लौटी मकान मालकिन को जानकारी हुई तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है।
कुशीनगर जिले के पकड़ी खास गांव के रहने वाले रईश अहमद का मकान शहर के रामनाथ देवरिया वार्ड नंबर-दो चटनी गड़ही में है। वह विदेश में रहकर नौकरी करते हैं। घर पर उनकी पत्नी शैरून निशा दो बेटियों और एक बेटे संग रहती है। बेटा एक मॉल में काम करता है। बुधवार की सुबह 10.30 बजे शैरून निशा घर का ताला बंद कर दोनों बेटियों संग उपचार कराने हनुमान मंदिर के पास गई थी। विलंब होने पर उन्होंने 12.30 बजे अपनी बड़ी बेटी को घर भेजा। बेटी ने देखा कि घर का ताला तोड़कर चोरी की गई है। घर के अंदर रखे बाक्स और अटैची तो तोड़कर चोर 50 हजार रुपये नकद, सोने का हार, झुमका, चेन, मंगलसूत्र, कंगन, तीन अंगूठी, नाक का कील, चांदी के पाजेब और पायल चोरी हो गया है। उसने मां को इस बात की जानकारी दी। सूचना मिलते ही मां शैरून निशा घर पहुंची। घर की हालत देखकर वह दहाड़े मारकर रोने लगी। उनका कहना है कि बड़ी बेटी की नवंबर में शादी करनी है। उसी की तैयारी में सामान खरीदा गया था। उसने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। सदर कोतवाल विजय सिंह गौर का कहना है कि वह दूसरे काम में व्यस्त हैं। तहरीर कार्यालय को मिली होगी। जांचकर कार्रवाई की जाएगी।