देवरिया। सिपाही को पीटकर दीवानी कचहरी लॉकअप से हत्या के आरोपियों को भगाने का प्रयास करने वाले 15 बदमाशों पर पुलिस ने केस दर्ज किया है।
मौके से पकड़े गए दो युवकों ने पूछताछ में साथियों के नाम बताए दिए, जो सिपाही को पीटकर भाग गए थे। पेशी के दौरान बंदियों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मुलाकातियों पर पुलिस नजर बनाए है।
रोहित सिंह हत्याकांड में वर्षों से जेल में बंद छात्रनेता अमित शुक्ला, विनीत शुक्ला को सोमवार को पेशी पर लाया गया था। कचहरी लॉकअप से कोर्ट ले जाते समय अमित शुक्ला के साथी और हत्या में सह अभियुक्तों ने सुरक्षाकर्मियों पर हमला कर दिया।
उन्होंने पानी की बोतल को लेकर विवाद किया था। मारपीट में सिपाही चंद्रकेश्वर प्रसाद मिश्र घायल हो गए। विवाद की गंभीरता को देख एसपी ने तत्काल कार्रवाई की बात कही। सिपाही चंद्रकेश्चर मिश्र ने थाने में तहरीर दी कि सीसी रोड निवासी रितांशू पुत्र पूर्णप्रकाश, भुजौली कॉलोनी निवासी मकसूदन वर्मा दोपहर को 15 साथियों के साथ कचहरी पहुंचे और गोलबंद होकर हत्यारोपी अमित शुक्ला और उनके साथियों को भागने की कोशिश करने लगे। विरोध करने पर सरकारी काम में बाधा डालते हुए मारपीट की।
रितांशू और मकसूदन को मौके से पुलिस ने पकड़ लिया। अन्य बदमाश मौके से भाग गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में दो नामजद सहित 15 लोगों पर केस दर्ज कर लिया। कोतवाली पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान मौके से गिरफ्तार लोगों ने साथियों के नाम बताए हैं। वह भी रोहित सिंह हत्याकांड में शामिल रहे हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी में लगी है ।