देवरिया। सदर कोतवाली के अगस्तपार गांव के एक मकान से पुलिस ने 10 ड्रम अपमिश्रित स्प्रिट बरामद किया है। डीएम बंगले के पास एक कार में शराब समेत पकड़े गए युवक की निशानदेही पर बरामदगी हुई है। स्वाट, ईगल और सीओ सिटी ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। युवक को पुलिस हिरासत में ली है।
मंगलवार को ईगल टीम को सूचना मिली कि एक कार में शराब भरकर युवक गोरखपुर रोड में जा रहा है। सूचना मिलने पर सक्रिय ईगल टीम ने डीएम बंगले के पास सुबह 11.30 बजे एक कार को रोका। जांच के दौरान उसमें रखा छह पेटी अवैध शराब बरामद किया। पुलिस कार चला रहे युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अगस्तपार के एक घर से शराब के अवैध कारोबार चलाए जाने की जानकारी दी। ईगल टीम ने सीओ सिटी सीताराम को जानकारी दी। सीओ सिटी सीताराम, स्वाट और ईगल टीम के प्रभारी विनोद यादव, एक्शन मोबाइल के साथ अगस्तपार गांव में पहुंचे। गांव के बाहर स्थित एक मकान में छापामारी कर 10 ड्रम अपमिश्रित स्प्रिट बरामद किया। इसके साथ ही यहां लैला, बंटी-बबली, बुलेट आदि देशी ब्रांड का रैपर भी मिला। पुलिस ने मकान की तलाशी ली तो एक पिकअप शराब की खाली शीशी, पैकिंग मशीन मिली। पुलिस को यहां से 20-20 और 10-10 लीटर के एक डीसीएम गैलन मिले हैं। बताया जा रहा है कि कुछ महीने पहले रघवापुर गांव में बरामद शराब भी इसी युवक का था। उस मामले में आरोपी युवक जेल जा चुका है। जेल से छूटने के बाद उसने फिर से धंधा को शुरू कर दिया। पुलिस के अनुसार पकड़ा गया युवक धनौती गांव का रहने वाला है। बीटेक पास युवक मां-बाप का इकलौता बेटा है। काफी देर बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची।
अहिर परसिया के ऋषिनाथ का है मकान
अगस्तपार गांव के बाहर जिस मकान से अपमिश्रित स्प्रिट पकड़ा गया है, वह अहिर परसिया गांव के ऋषिनाथ त्रिपाठी का है। बताया जा रहा है कि उन्होंने 10 हजार रुपये महीने के किराए पर मकान दिया था। अपमिश्रित स्प्रिट की बरामदगी और आरोपी के पकड़ जाने के बाद पुलिस को जानकारी मिली है कि अहिर परसिया गांव का ही एक शख्स इस धंधे को संचालित करता है। पकड़ा गया युवक उसका पार्टनर है।
कोतवाली पुलिस को खबर तक नहीं
शहर से सटे अगस्तपार गांव से शराब का इतना बड़ा कारोबार संचालित हो रहा है, इस बात की भनक तक कोतवाली पुलिस को नहीं थी। मंगलवार को सीओ सिटी, ईगल और स्वाट टीएम, एक्शन मोबाइल की कार्रवाई के काफी देर बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची।
अगस्तपार गांव के एक मकान से 10 ड्रम अपमिश्रित स्प्रिट, शराब की खाली शीशी, उपकरण और अन्य सामान बरामद किया गया है। एक युवक को हिरासत में लिया गया है। मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
- सीताराम, सीओ सिटी।