देवरिया। चार घंटे घेराबंदी के बाद पुलिस ने कचहरी चौराहा से एक युवक को दबोच लिया। इस दौरान सिपाही की बाइक गिर गई और चौराहा पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस उसे हिरासत में रखकर पूछताछ कर रही है। युवक शातिर चोर बताया जा रहा है।
शहर में चोरी की ताबड़तोड़ घटनाएं हो रही हैं। इसको लेकर पुलिस की नींद उड़ गई है। चोरियों के खुलासे के लिए कोतवाली पुलिस के अलावा क्राइम ब्रांच की टीम लगी है। सोमवार को सुबह क्राइम ब्रांच की टीम ने कचहरी चौराहे पर पहुंची। सादे वर्दी में बाइक सवार सिपाही भी साथ में थे। बस स्टैंड से कचहरी चौराहा तक करीब चार घंटे टीम जमी रही। 12 बजे एक युवक को सादे वर्दी में मौजूद सिपाहियों ने दबोच लिया। पकड़ में आया युवक सिपाहियों से उलझ गया। यह देख लोगों की भीड़ जुट गई। जबरन युवक को तीन सिपाहियों ने पकड़कर कोतवाली लेते गए। सूत्रों की मानें तो युवक शातिर चोर है। एक माह पहले जेल से बाहर आया है। पुलिस उसे हिरासत में रखकर पूछताछ कर रही है। चोरी की हुई घटनाओं में उसका हाथ होने की आशंका जताई जा रही है। कोतवाल नीतिश श्रीवास्तव ने बताया कि संदेह के आधार पर युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में रखा गया है।