हियुवा नेता समेत 10 पर बलवा और मारपीट का केस
चहारदीवारी तोड़कर चुरा ले गए सीमेंट और ईंट, विरोध पर पीटा
औरंगाबाद गांव का मामला, हियुवा नेता के साथ पहुंचे थे दबंग
अमर उजाला ब्यूरो
सलेमपुर। चहारदीवारी तोड़कर ईंट और सीमेंट दबंग चुरा ले गए। विरोध करने पर पीड़ित की पिटाई कर गोलबंद लोगों ने जान से मारने की धमकी दी। हरकत में आई पुलिस ने हियुवा नेता समेत 10 लोगों पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस की कार्रवाई के बाद आरोपी भूमिगत हो गए हैं।
भटनी थाना क्षेत्र के भरहेचौरा गांव निवासी रिजवान अहमद ने सलेमपुर कोतवाली के औरंगाबाद गांव में जमीन बैनामा कराया है। इस जमीन पर शनिवार को चहारदीवारी का निर्माण हो रहा था। आरोप है कि दोपहर में हियुवा के तहसील अध्यक्ष विनोद ठठेरा के साथ युवक पहुंचे और जबरन निर्माण कार्य रोक दिया। रिजवान ने विरोध किया तो उसकी पिटाई कर चहारदीवारी तोड़ दी। वहां रखे 15 बोरी सीमेंट और 3000 ईंट चुरा ले गए। मौके पर पहुंची पुलिस को देख गोलबंद लोग फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में औरंगाबाद निवासी अजमल, अतीक, मेराज, आमिर, ताहिर, अहमद राजा खान, परसिया अहिर निवासी फणीश मिश्रा, चंचल, मंटू और हियुवा नेता विनोद ठठेरा पर बलवा, तोड़फोड़, चोरी और मारपीट का केस दर्ज किया है। पुलिस की कार्रवाई के बाद आरोपी फरार हो गए हैं। कोतवाल सीपी जैसल ने बताया कि केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।