खुखुंदू, परसिया चंदौर के हरखपुरा टोले में स्थापित अंबेडकर की प्रतिमा
- फोटो : अमर उजाला
खुखुंदू। बंद पड़े निजी विद्यालय की भूमि पर बिना अनुमति के आंबेडकर प्रतिमा रखने को लेकर विवाद हो गया। ग्रामीणों और प्रबंधक के बीच विवाद बढ़ने पर किसी ने सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस व राजस्व टीम ने काफी प्रयासों के बाद विवाद को शांत किया। बिना अनुमति के प्रतिमा स्थापित न करने की हिदायत दी। पुलिस ने प्रतिमा को अपने कब्जे में भी ले लिया।
एसओ परमाशंकर यादव के मुताबिक परसिया चंदौर के हरखपुरा टोला निवासी रामनाथ प्रसाद ने कई वर्ष पहले कक्षा एक से पांच तक प्राइवेट विद्यालय खोला था। वर्तमान में विद्यालय बंद है। भवन खंडहर हो गया। अनुसूचित जाति की बस्ती के लोगों ने विद्यालय को ग्राम समाज की भूमि में होने का हवाला देते हुए आंबेडकर प्रतिमा स्थापित करने का निर्णय लिया। गुरुवार को गांववालों ने विद्यालय की जमीन पर आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने जा रहे थे। रामनाथ ने इसका विरोध किया। इसी बात को लेकर वाद विवाद होने लगा। मामला बढ़ता देख रामनाथ ने थाने पर सूचना दी। बरहज से राजस्व टीम भी आ गई। उन्होंने कहा कि अग्रिम फैसले तक प्रतिमा थाने में सुरक्षित रखी रहेगी। इसके बाद मामला शांत हुआ।