देवरिया। मां विंध्यवासिनी महिला प्रशिक्षण एवं सेवा संस्थान की संचालिका गिरिजा त्रिपाठी को सोशल साइट्स पर पूर्व केंद्रीय मंत्री और देवरिया के सांसद की बहन बताने वाला मैसेज वायरल हुआ है। सांसद प्रतिनिधि और उनके निजी सहायक ने एसपी को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, इसी मामले में रामपुर कारखाना पुलिस को भाजपा आईटी सेल ने तहरीर दी है।
देवरिया कांड इस समय चर्चा में है। संसद के दोनों सदनों में यहां का मामला उठा था। मामले को गंभीरता से लेते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने दो सदस्यों की कमेटी जांच के लिए देवरिया भेजा था। मंगलवार को मामला सीबीआई को सौंप दिया गया। इसी बीच गिरिजा त्रिपाठी को कलराज मिश्र की बहन बताने वाला एक मैसेज फेसबुक, व्हाट्सएप और ट्विटर पर वायरल हुआ। बुधवार को सांसद कलराज मिश्र के प्रतिनिधि विजय दुबे और निजी सहायक शशिप्रकाश मिश्र ने एसपी रोहन पी कनय को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच साइबर सेल को दी है। उन्होंने कहा कि केस दर्ज कर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। इसी मामले में भाजपा आईटी सेल के जिला प्रमुख सर्वेशनाथ त्रिपाठी ने रामपुर कारखाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। भाजपा नेताओं का कहना है कि पूर्व केंद्रीय मंत्री और देवरिया के सांसद कलराज मिश्र की छवि धूमिल करने के लिए शरारतीतत्वों ने ऐसा किया है। पुलिस जांचकर कार्रवाई करे। ऐसा करने वालों को कठोर दंड मिलना चाहिए।