चार नामजद समेत कई अज्ञात पर गंभीर धाराओं में केस
देवरिया। घर में घुसकर एक परिवार के लोगों को मारने-पीटने वाले चार नामजद और कुछ अज्ञात के खिलाफ सदर कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज किया है। मामला तीन दिन पूर्व का है। पीड़ित हरिशंकर प्रसाद निषाद की तहरीर पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। सदर कोतवाली क्षेत्र के रानीघाट बनहत्ता गांव निवासी हरिशंकर प्रसाद निषाद के घर में तीन दिन पूर्व गांव के कुछ लोग घुस गए। उनके साथ ही परिवार के अन्य सदस्यों की जमकर पिटाई की गई। गांव के लोगों ने बीच-बचाव किया था। गांववालों ने ही घायलों का उपचार कराया। पीड़ित हरिशंकर ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। तहरीर के आधार पर सदर कोतवाली पुलिस ने गांव निवासी मुकेेश पुत्र रामदुलारे, सुधीर पुत्र रामाश्रय, विजय मल पुत्र रामयादी, सुनील पुत्र अज्ञात और कई अन्य अज्ञात के खिलाफ बलवा, मारपीट समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। सदर कोतवाल विजय नारायण प्रसाद का कहना है कि केस दर्ज कर लिया गया है। आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
दो ट्राली बालू पुलिस ने पकड़ा
भटनी। खोरीबारी रामपुर चौराहे से बुधवार रात पुलिस ने दो ट्राली बालू पुलिस ने पकड़ा। पुलिस ने हिरासत में लिए दोनों ट्रैक्टर चालकों के खिलाफ केस दर्ज किया है। क्षेत्र में इन दिनों छोटी गंडक नदी तट से वीरसिंहपुर, बनकटा शिव, बनकटा तिवारी, कुरमौता ठाकुर आदि घाटों से धड़ल्ले से बालू खनन का खेल चल रहा है। खनन माफिया रात में चोरी से बालू सप्लाई करते हैं। बुधवार मुखबिर की सूचना पर पुलिस खोरीबारी रामपुर चौराहे पर छापेमारी कर दो ट्राली बालू पकड़ा। इस बाबत एसओ वीडी कुशवाहा ने बताया कि दो लोगो को हिरासत में लिया गया है। पकड़े गए लोगों से पूछताछ चल रही है। जल्द ही कुछ और लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।
घायल वृद्ध की इलाज के दौरान मौत
भटनी। एक सप्ताह पूर्व सड़क हादसे में घायल वृद्ध की इलाज के दौरान बुधवार की रात मौत हो गई। यह खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने आरोपी युवक पर केस दर्ज किया है। थाना क्षेत्र के चांदपार गांव निवासी हृदयानंद खरवार (60) एक सप्ताह पूर्व अपना इलाज कराने सीएचसी जा रहे थे। भटनी-बलुआ अफगान मार्ग पर अस्पताल मोड़ के पास एक बाइक ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप में घायल हो गए। बाइक सवार फरार हो गया। लोगों ने घायलावस्था में हृदयानंद को सीएचसी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने सदर अस्पताल भेज दिया। बाद में स्थिति गंभीर देख परिजन उसे बीएचयू ले गए, जहां बुधवार की रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की खबर लगते ही परिवार कोहराम मच गया। पत्नी और दो बेटों का रो-रोकर बुरा हाल है। बड़े बेटे प्रमोद की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज किया है। इस बाबत एसओ विद्याधर कुशवाहा ने बताया कि जल्द ही आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सफाई से इनकार पर की पिटाई
घांटी बाजार। एक इंटरमीडिएट कॉलेज के संचालक ने छात्र द्वारा शौचालय की सफाई नहीं करने पर मार पीट कर भगा दिया। छात्र की मां लीलावती देवी पत्नी हरिलाल प्रसाद ने भटनी थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि बेटे आशीष कुमार को विद्यालय के संचालक ने बार-बार विद्यालय का शौचालय साफ करवाने के लिए दबाव बनाया। ऐसा नहीं करने पर जातिसूचक शब्द का प्रयोग करते हुए मारपीट कर विद्यालय से भगा दिया।
अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार घायल
देवरिया। रुद्रपुर कोतवाली के तिवईं के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार तीन लोग घायल हो गए। एक की हालत गंभीर देखकर चिकित्सकों ने गोरखपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। भलुअनी थानाक्षेत्र के पैकौली गांव के बगही टोला निवासी जीतेंद्र (42) पुत्र रामवृक्ष, कमलेश (25) पुत्र सीता और मदनपुर थानाक्षेत्र के बहसुआ गांव निवासी लाल साहब (40) पुत्र महेश बृहस्पतिवार की सुबह एक बाइक से रुद्रपुर क्षेत्र से देवरिया की तरफ आ रहे थे। अभी वे तिवईं के पास पहुंचे थे कि सामने से जा रहे अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। आसपास के लोगों ने तीनों को जिला अस्पताल भेजवाया। यहां हालत गंभीर देखकर चिकित्सकों ने लाल साहब को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया।
भीखमपुर रोड से टेंपो चोरी
देवरिया। रामपुर कारखाना के मिश्र मुंडेरा गांव निवासी शिवशंकर मिश्र टेंपो चलाकर परिवार की जीविका चलाता है। बृहस्पतिवार को उसने भीखमपुर रोड में टेंपो खड़ा किया था। यहां से उसका टेंपो चोरी हो गया। उसने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पत्नी की पिटाई करने वाला पति हिरासत में
देवरिया। सदर कोतवाली के गोबराई गांव निवासी पुष्पा देवी की उसके पति संतोष यादव पिटाई करने लगा। गांव के लोगों ने छुड़ाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना। पीड़ित पुष्पा देवी ने डायल-100 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया। कोतवाली में उससे पूछताछ की जा रही है।
कोटे के लिए पर्चा दाखिले में वसूले दो-दो हजार
देवरिया। देसही देवरिया के देवरिया नकछेद गांव में कोटे की दुकान के लिए बृहस्पतिवार को पूरे दिन ब्लॉक पर प्रत्याशी पर्चा दाखिला करते रहे। इसके लिए सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक का समय निर्धारित किया था। इसमें प्रत्येक उम्मीदवार को पर्चा दाखिल करने के लिए दो-दो हजार रुपये देने थे। कुल पांच प्रत्याशियों ने दावेदारी की। 30 अक्तूबर को मतदान होगा। वसूली से बीडीओ ओमप्रकाश और एडीओ पंचायत चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव ने साफ इनकार किया। उधर, सचिव जितेंद्र प्रसाद ने कहा कि दो-दो हजार रुपये सबसे लिए गए हैं। इस धनराशि से चुनाव खर्च और बैलेट पेपर तैयार कराना है।
कप्तान के निर्देश पर पुलिस ने चलाया अभियान
भाटपाररानी। एसपी एन कोलांची के निर्देश पर बनकटा पुलिस ने थाना क्षेत्र के सार्वजनिक जगहों, बाजारों और चौराहों पर बिना नंबर के वाहनों के विरुद्ध बुधवार को अभियान चलाया। प्रतापपुर बाजार स्थित विभिन्न बैंकों के सामने बिना नंबर लिखे वाहनों को पुलिस ने कब्जे में लेकर वाहन स्वामियों से पूछताछ की। आठ वाहनों से 14 सौ रुपये समन शुल्क वसूले गए।
चोरी की बाइक बरामद, एक गिरफ्तार
भाटपाररानी। पुलिस थाना क्षेत्र के बंकुल गांव में पुलिस ने चोरी की बाइक के साथ एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर आरोपी युवक को जेल भेज दिया है। बंकुल गांव में पुलिया के निकट दिन में एक बजे एसआई लालबिहारी, रविशंकर यादव, रामराज यादव ने वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि चोरी की बाइक समेत एक व्यक्ति बिहार की तरफ जा रहा है। थोड़े ही देर में बाइक से एक संदिग्ध आता दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखकर वह वापस मुड़ने लगा। पुलिसकर्मियों ने दौड़ाकर उसे दबोच लिया। गाड़ी के कागज मांगने पर वह नहीं दिखा सका। पूछताछ में उसकी पहचान बिहार के हथुआ थानाक्षेत्र के रेपुरा गांव निवासी लालू तिवारी के रूप में हुई। पुलिस ने बाइक कब्जे में लेकर आरोपी का चालान कर दिया।
जीआरपी ने चोर को गिरफ्तार कर जेल भेजा
देवरिया। जीआरपी देवरिया ने एक चोर को पकड़कर जेल भेज दिया है। 30 अगस्त को कृषक एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे एक शख्स के परिवारवालों का सामान चुराया था। इस मामले में जीआरपी ने केस दर्ज किया था। भाटपाररानी के बभनौली गांव निवासी फजले सिद्दीकी के परिवार के लोग 30 अगस्त को कृषक एक्सप्रेस से लखनऊ जा रहे थे। नूनखार रेलवे स्टेशन पर एक शख्स ट्रेन में चढ़ा और उनके बगल में बैठ गया। देवरिया स्टेशन पर वह सामान लेकर उतर गया। बैग में गहने आदि रखे थे। सूचना के बाद फजले सिद्दीकी ने जीआरपी देवरिया में केस दर्ज कराया। जीआरपी एसओ संतोष यादव ने केस दर्ज कर चोर की तलाश शुरू करा दी। बुधवार को जीआरपी ने चोरी के मामले में खुखुंदू के बहादुरपुर गांव निवासी रामकिशुन पुत्र सुदर्शन को पकड़ लिया। कड़ाई से हुई पूछताछ में उसने चोरी बात कबूल कर ली। बृहस्पतिवार को उसे न्यायालय के लिए चालान कर दिया गया। यहां से वह जेल भेज दिया गया। जीआरपी एसओ संतोष यादव का कहना है कि चोर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
फोटो समाचार...
हरियाणा निर्मित 18 पेटी शराब के साथ एक गिरफ्तार
मईल/लार रोड। मईल पुलिस व आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने बिहार जा रही कार से हरियाणा निर्मित 18 पेटी शराब बरामद की। चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। तस्कर भागने में सफल रहे। मुखबिर की सूचना पर आबकारी इंस्पेक्टर विनय कुमार तिवारी, रवि जायसवाल ने मईल एसओ सुदेश शर्मा के साथ बुधवार की रात बलिया सीमा के पास से इंडिगो कार को पकड़ा। तलाशी में कार के अंदर हरियाणा निर्मित क्रेजी रोमियो ब्रांड की 18 पेटी में 180 एमएल की 684 शीशी शराब मौजूद मिली। टीम ने उसे जब्त करते हुए चालक को पकड़ लिया। कार सवार अन्य तस्कर भाग गए। पकड़े गए चालक की पहचान बलिया के उभांव थाना क्षेत्र के जमीन सिसडहां गांव निवासी संत कुमार गोंड के रूप में हुई। उसने बताया कि शराब बरठा चौराहे से मईल होते हुए बिहार को जानी थी। टीम में एसआई योगेंद्र यादव, कास्टेबल संजय यादव, विनय रॉय, चंद्रभान भारती भी शामिल रहे।
बालगृह से भागा किशोर पकड़ा गया
देवरिया। बाल गृह बालक से बृहस्पतिवार की दोपहर में एक किशोर भाग गया। सूचना के बाद जिम्मेदारों के हाथ-पांव फूल गए। सभी उसकी तलाश में जुट गए। कुछ घंटे बाद किशोर को पकड़ लिया गया। रेलवे स्टेशन से मनीष 16 को पुलिस ने पकड़कर बाल सदन को दिया था। बृहस्पतिवार की दोपहर में वह बाल सदन से फरार हो गया। जानकारी मिलते ही जिम्मेदारों के होश उड़ गए। उसकी खोजबीन शुरू कर दी गई और पुलिस को सूचना दी गई। बाल सदन से फरार होने के बाद किशोर चहारदीवारी कूदकर एक मकान में चला गया। उस परिवार के लोगों ने चोर समझकर उसे पकड़ लिया। पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने किशोर को फिर बाल सदन को सौंप दिया है। सदर कोतवाल विजय नारायण प्रसाद का कहना है कि फरार किशोर को पकड़ लिया गया है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
एसपी से की कार्रवाई की मांग
देवरिया। रुद्रपुर कोतवाली के गाजीपुर भैंसही गांव निवासी जमीलवेग ने एसपी को पत्र लिखकर पौधा उखाड़ने वालों पर कार्रवाई की मांग की है। जमीलवेग का कहना है कि 14 और 15 अगस्त को कब्रिस्तान की जमीन पर पौधरोपण कराया गया। गांव के कुछ लोगों ने उसे उखाड़कर फेंक दिया। मना करने पर मेरे दरवाजे पर लगे पौधे को भी उखाड़ दिया। एसडीएम से शिकायत की गई तो उन्होंने जांच कराई। जांच के बाद केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई का आदेश दिया। इसके बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। उसने एसपी से मामले में कार्रवाई की मांग की है।
कैशियर व शाखा प्रबंधक पर दुर्व्यवहार का आरोप
भटनी। नगर के वार्ड संख्या 12 इशरी गुलजार टोला निवासी रितेश गुप्त ने आरबीआई बैंकिंग लोकपाल को एक पत्र लिखकर भटनी केनरा बैक के शाखा प्रबंधक व कैशियर पर अभद्र व्यवहार व गाली-गलौज देने का आरोप लगाया है। उन्होंने ने पत्र के माध्यम से लोकपाल को बताया कि दो दिन पूर्व रुपये जमा करने केनरा बैंक शाखा भटनी गया। 70 हजार रुपये कैशियर को जमा करने को दिया। कैशियर ने ढाई हजार कम होने की बात कही। बाद में रुपये का मिलान करने पर रुपये पूरे मिले। आरोप है कि पीड़ित जब शिकायत करने शाखा प्रबंधक के पास पहुंचा तो वह गाली-गलौज करने लगे। ग्राहक निराश होकर घर लौट गया। गुरुवार को पीड़ित ने आरबीआई लोकपाल से इसकी शिकायत की है।
संदिग्ध हालत में छात्र की मौत
देवरिया। स्कूल में लंच के दौरान बेहोश हुए छात्र की जिला अस्पताल में मौत हो गई। हालत बिगड़ने पर परिवारवाले ही उसे लेकर जिला अस्पताल आए थे। छात्र की मौत के बाद परिवारवाले शव को लेकर चले गए।
लार थानाक्षेत्र के सहजौर गांव निवासी अजीत यादव 15 पुत्र नंद किशोर यादव गांव के मां सुकली देवी इंटर कॉलेज में 10वीं का छात्र था। रोज की तरह बृहस्पतिवार को स्कूल गया था। दोपहर में लंच के दौरान वह अन्य छात्रों के साथ लंच करने लगा। उसी दौरान संदिग्ध हालत में वह बेहोश हो गया। जानकारी होने पर परिवारवाले पहुंचे। बेहोश हुए अजीत यादव को स्थानीय अस्पताल पर चेक कराया। चिकित्सकों की सलाह पर परिवारवाले उसे लेकर जिला अस्पताल आए। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार के लोग शव को लेकर चले गए। सदर कोतवाल विजय नारायण प्रसाद का कहना है कि उनको सूचना नहीं मिली है।
बीर बहादुर को बरहज थाने की कमान
देवरिया। एसपी एन कोलांची ने बरहज थाने का प्रभार एसआई वीर बहादुर सिंह को दिया है। वहां तैनात इंस्पेक्टर मिथिलेश राय को गैर जनपद के लिए रिलीव कर दिया गया है। वहीं, जिले में तैनात और गोरखपुर एयरपोर्ट से संबद्ध महिला एसआई पुष्पा सिंह को भी दूसरे जिले के लिए रिलीव किया गया है। बुधवार की रात को एसपी एन कोलांची ने यह फेरबदल की। लंबे समय से शिकायत प्रकोष्ठ का प्रभार देख रहे वीर बहादुर सिंह को बरहज थाने का एसओ बनाया गया है। एसओ के रूप में उनकी यह पहली तैनाती है। इंस्पेक्टर मिथिलेश राय का तबादला पिछले दिनों गैर जनपद के लिए हुआ था। एसपी ने उन्हें रिलीव कर दिया है। वहीं, महिला एसआई पुष्पा सिंह एयरपोर्ट गोरखपुर से संबद्ध होकर कार्य कर रही थीं। उनका भी तबादला हो गया था। उन्हें भी रिलीव कर दिया गया है।