देवरिया। सदर कोतवाली क्षेत्र के बरूआडीह गांव में एक ईंट-भट्ठा पर सोमवार की रात डकैतों ने धावा बोल दिया। मजदूरों और मुंशी को कमरों में बंद कर 56 हजार रुपये और 13 मोबाइल लूट ले गए। मजदूरों ने भट्ठा मालिक को घटना की जानकारी दी।
सब्जी मंडी के रहने वाले अभयनंदन बरनवाल का बरूआडीह गांव में ईंट-भट्ठा है। सोमवार की रात को मजदूर कमरों में सोए थे और मुंशी अपने कमरे में सोया था। बताया जा रहा है कि आधी रात को छह से अधिक संख्या में डकैत ईंट-भट्ठे पर पहुंचे। सभी कमरों में मजदूरों से 13 मोबाइल लूट लिया। मुंशी के कमरे में पहुंचकर 56 हजार रुपये भी डकैत ले लिए। सभी कमरों में बाहर से कुंडी लगाकर डकैत चले गए। संयोग से एक मजदूर का मोबाइल बच गया था। उसने रात में ही भट्ठा मालिक अभयनंदन बरनवाल को जानकारी दी। अभयनंदन ने गांव के रहने वाले अपने मित्र हरेंद्र सिंह को घटना की सूचना दी। हरेंद्र सिंह गांव के तमाम लोगों के साथ ईंट-भट्ठे पर पहुंचे। उन्होंने दरवाजा खोलकर मजदूरों को बाहर निकाला। सूचना के बाद रात में ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच की। पीड़ित भट्ठा मालिक अभयनंदन ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दे दी है। सदर कोतवाल सत्येंद्र कुमार पांडेय का कहना है कि मामला संदिग्ध लग रहा है। डकैती जैसी कोई बात नहीं है। मामले की जांचकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।