चचेरे भाई ने दोस्तों के साथ मिलकर किया अपहरण, तीन गिरफ्तार
रामपुर कारखाना/देवरिया। स्थानीय थाना क्षेत्र के सिरसिया नंबर एक गांव में सोमवार की रात पिता के साथ शादी के निमंत्रण में गए बच्चे के अपहरण का मामला सामने आया है। मंगलवार की सुबह बच्चे को छोड़ने के बदले दस लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। है। शाम को तरकुलवा थाना क्षेत्र के एक गांव से अपहृत बालक को सकुशल बरामद करते हुए पुलिस ने तीन अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, बालक के चचरे भाई ने रुपये के लालच में अपने दोस्तों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया था।
रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के सिरसिया नंबर एक ग्राम पंचायत के बीबी चक टोला निवासी जयप्रकाश यादव सदर तहसील में मुंशी हैं। सोमवार की रात उनके गांव में अरविंद यादव के घर बरात आई थी। जयप्रकाश अपने सात साल के बेटे विवेक यादव उर्फ भोला को साथ लेकर शादी समारोह के निमंत्रण में गए थे। उन्होंने बताया कि भोजन करने के बाद वह बेटे से घर वापस चलने के लिए कहने लगे। बेटे ने डीजे पर डांस करने की इच्छा जताते हुए घर जाने से मना कर दिया।
इस पर पिता उसे जल्द घर वापस आने की हिदायत देकर चले गए। बालक घर नहीं लौटा। मंगलवार की भोर में जब परिवार के लोग जागे तो उसको घर पर न पाकर परेशान हो गए। उन्होंने उसकी आसपास तलाश शुरू की। उसी दौरान पिता के मोबाइल फोन पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने बालक का अपहरण होने की बात कही और उसे छोड़ने के बदले में दस लाख रुपए का इंतजाम करने के लिए कहा। घंटे भर में दूसरी बार कॉल आई। कॉल करने वाले ने तत्काल इंतजाम करने व मामले की सूचना पुलिस को न देने की हिदायत दी। बालक के अपहरण और फिरौती की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। क्षेत्राधिकारी सदर श्रीयश त्रिपाठी और थानाध्यक्ष दीपक कुमार गांव पहुंच गए। उन्होंने बालक के परिजनों और गांव के लोगों से पूछताछ की। मामले के पर्दाफाश के लिए पुलिस की चार टीमें बनाई गईं।
पुलिस ने जिस मोबाइल नंबर से कॉल आई थी, उसका लोकेशन निकलवाया तो वह तरकुलवा के गांव के पास मिला। शाम को पुलिस की टीम ने शक के आधार पर बच्चे के चचेरे भाई पिंटू उर्फ मिंटू को हिरासत में लिया तो मामले का पर्दाफाश हो गया। उसने पुलिस को बताया कि रुपये के लालच में नागेंद्र और शैलेष प्रजापति निवासी तरकुलवा के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर एक मकान में छिपाए गए बालक को ढूंढ निकाला। सीओ श्रीयश त्रिपाठी ने बताया कि बालक को मुक्त कराकर और तीनों युवकों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।