खुखुंदू। थाना से महज 500 मीटर दूरी पर नूनखार मार्ग से पुलिस ने शुक्रवार को ट्रक में छिपाकर बिहार ले जा रहे गांजा की बड़ी खेप पकड़ी है। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस प्रथम दृष्टया तस्करी का मामला बता रही है।
जानकारी के अनुसार, सुबह देवरिया की तरफ से एक ट्रक खुखुंदू चौराहे पर पहुंचा और वहां पुलिस को देख चालक ट्रक लेकर तेजी से नूनखार मार्ग की तरफ भागने लगा। ट्रक की तेज रफ्तार देख पुलिस को शंका हुई और पुलिस पीछा करने लगी। चालक अभी ट्रक लेकर नूनखार मार्ग पर खुखुंदू थाने से महज 500 मीटर आगे पहुंचा था तब तक पुलिस ने आगे से ट्रक को घेर लिया।
पुलिस के ट्रक रोकते ही चालक और तस्कर भागने लगे। पुलिस ने एक को धर दबोचा है। पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली तो उसमें बड़े पैमाने पर गांजा की खेप बरामद हुई है। खुखुंदू के इंस्पेक्टर राहुल कुमार सिंह ने बताया कि करीब डेढ़ क्विंटल गांजा बरामद किया गया है। हिरासत में लिए गए तस्कर से पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सीओ सलेमपुर गौरव सिंह ने बताया कि खुखुंदू पुलिस ने एक ट्रक में छिपाकर रखे गए मादक पदार्थ को बरामद किया है। एक संदिग्ध को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामला तस्करी से संबंधित लग रहा है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।