चोरी में पकड़े गए किशोर की बांधकर पिटाई का वीडियो वायरल
आरोपित की पिटाई करने वालों को तलाश रही पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
भटनी। दुकान से चोरी करते एक किशोर को सोमवार को लोगों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। उसकी बांधकर पिटाई की और पुलिस को सौंप दिया। पिटाई का वीडियो बनाकर किसी ने सोशल मीडिया पर डाल दिया। अब यह वीडियो वायरल हो रहा। वीडियो के आधार पर पुलिस पिटाई करने वालों की तलाश में जुट गई है।
भटनी के एकलाआम चौराहे पर सोमवार को एक दुकानदार किसी काम से दुकान छोड़कर कहीं चला गया। मौका देखकर स्थानीय किशोर दुकान में घुसकर चोरी करने लगा। आसपास के दुकानदारों के शोर करने के बाद लोगों ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। मौजूद लोगों ने किशोर के दोनों हाथ एक लोहे के खंभे में बांध कर पिटाई करने लगे। तभी कुछ लोगों ने बीच बचाव करने के बाद पुलिस को बुलाकर उसे सौंप दिया। मौके पर उपस्थित किसी शख्स ने पूरी घटना का वीडियो सोशल साइट्स पर डाल दिया। यह वीडियो कुछ ही देर में तेजी से वायरल होने लगा। एसओ श्यामसुंदर तिवारी ने बताया कि चोरी के आरोपित किशोर को दुकानदारों ने चोरी करते पकड़ा है। शिकायत पर पहुंची पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है। पिटाई का वीडियो वायरल होने की जानकारी शाम को हुई है। वीडियो के आधार पर पीटने वाले लोगों की पहचान की जा रही है।