संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। तरकुलवा थाना क्षेत्र के सरैनी गांव में बुधवार रात एक अध्यापक व परिजनों को बदमाशों ने बेहोश कर दिया और नकदी-जेवर ले उड़े। परिजनों को जब होश आया तो उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
सरैनी गांव निवासी उग्रसेन पांडेय नरेंद्र विमल इंटर कॉलेज तरकुलवा में अध्यापक हैं। रात में करीब 11 बजे परिजन और कुछ अन्य लोग भोजन करने के बाद सोने चले गए। इसी दौरान बदमाश खिड़की तोड़कर घर में घुस गए। अध्यापक व दोनों बेटियों, पत्नी व लड़के को नशीला स्प्रे छिड़क कर बेहोश कर दिया। आलमारी, बॉक्स आदि ने रखे जेवर, रुपये, कीमती साड़ियां लेकर फरार हो गए। करीब 2:30 बजे रात में अध्यापक को होश आया तो देखा की कमरे में रखा सामान बिखरा है। यह देख उनके होश उड़ गए।
अन्य कमरों की तलाशी ली तो दोनों बेटी, बेटा और पत्नी बेसुध होकर बिस्तर पर पड़े थे। जगाने का प्रयास किया तो भी वह अचेत पड़े थे। काफी देर बाद सुबह तक सभी को होश आया तो सामानों की तलाशी लेनी शुरू कर दी। तहरीर में एक हार, एक टिका, दो नथिया,एक-एक टप्स,कुंडल,मंगलसूत्र, कंगन चार अंगूठी, तीन पाजेब व करीब 1.5लाख के कीमती कपड़े व पांच हजार रुपये नगद चुराने की बात कही गई है। थाना प्रभारी जयंत कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। वारदात की गुत्थी सुलझाने के डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम ने फिंगर प्रिंट लिए हैं। अध्यापक और उनके परिजनों पर स्प्रे कर बहोश करने के मामले की गहनता से जांच की जा रही है। हालांकि स्प्रे की बात की पुष्टि नहीं हो पा रही है।