संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। मौसम में बार-बार बदलाव से बच्चों की सेहत बार-बार बिगड़ रही है। सुबह-शाम ठंडी हवा बहने से बच्चे उल्टी-दस्त, सिर दर्द, सर्दी-जुकाम, खांसी से पीड़ितों हो रहे हैं।
गंभीर मरीजों को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। ओपीडी में डॉक्टर मरीजों को दवा के साथ सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं।
चिकित्सकों के अनुसार, ण्हवा में नमी की वजह से वायरस ग्रोथ करते हैं। इससे वायरस तेजी से हवा में फैलता है। इसका असर बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। बच्चे बुखार, उल्टी-दस्त, सिर दर्द, सांस, निमोनिया, पेट दर्द, खांसी से पीड़ित हो रहे हैं।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. रवि गुप्ता ने बताया कि मौसम बदलने से आरएसवी, इंफ्लूएंजा, पैरा इंफ्लूएंजा, रोटा वायरस का संक्रमण बढ़ जाता है। इम्युनिटी कमजोर होने से बच्चे संक्रमण की चपेट में आ जाते हैं। इससे बुखार, उल्टी-दस्त, सांस, पेट दर्द, सर्दी-खांसी, जुकाम से पीड़ित हो जाते हैं।
गले में संक्रमण के बाद श्वास नली से वायरस फेफड़े तक पहुंच जाते है। इसकी वजह से वायरल निमोनिया होने की संभावना रहती है। बच्चाें को परेशानी होने पर लापरवाही न करें विशेषज्ञ डॉक्टर से संपर्क कर इलाज कराएं।