भाजपा प्रत्याशी दीपक मिश्र सहित छह पर केस
देवरिया। पुलिस ने भाजपा प्रत्याशी दीपक मिश्रा सहित छह लोगों पर कोतवाली थाने में केस दर्ज किया है। इन लोगों पर विधानसभा चुनाव में शनिवार को नामांकन के दिन जुलूस निकालने, रोड शो करने, बिना अनुमति के नुक्कड़ सभा करने के आरोप में कार्रवाई की गई है।
कोतवाली के उपनिरीक्षक महेंद्र कुमार चतुर्वेदी ने अपनी तहरीर में लिखा है कि भारत निर्वाचन आयोग की ओर से रोड शो, बाइक रैली, नुक्कड़ सभा पर प्रतिबंध लगाई गई है। बावजूद इसके, बरहज के भाजपा प्रत्याशी दीपक मिश्र शाका, बिना किसी अनुमति के गाड़ियों का काफिला लेकर आईटीआई सोंदा पहुंचे।
वहां उन्होंने आचार संहिता का उल्लंघन करते हुए पार्टी का प्रचार-प्रसार किया। पुलिस ने इस मामले में सलेमपुर के ब्लॉक प्रमुख अमरेंद्र सिंह बबलू, लार के ब्लॉक प्रमुख के प्रतिनिधि अमित सिंह बबलू, विकास मणि त्रिपाठी, अरुणेंद्र कुशवाहा, इंद्रदेव साहनी पर केस दर्ज किया है। इंस्पेक्टर अनुज कुमार सिंह ने बताया कि आचार संहिता उल्लंघन के मामले में कार्रवाई की गई है।