रामपुर कारखाना। युवक को चौराहे से अगवा कर आरोपियों ने जमकर पिटाई की। युवक को अधमरा कर गांव के बाहर फेंक कर आरोपी भाग निकले। पुलिस ने मामले में छह आरोपियों के खिलाफ बलवा और मारपीट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।
रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के मोहन मुंडेरा गांव निवासी सद्दाम हुसैन का कुछ दिन पहले कौला छापर के कुछ युवकों से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। सद्दाम का आरोप है कि 23 अप्रैल की रात लगभग 9:30 बजे वह गांव से बाहर एक चौराहे पर गया था। इसी दौरान कौला छापर गांव निवासी कुंदन, जीतू, अलाउद्दीन, सोनू व बड़ा शामपुर के वसीम और सामी पट्टी के नदीम वहां पहुंचे। आरोपियों ने उसे घेर कर लाठी-डंडे और हॉकी से पीटना शुरू कर दिया। आरोपियों की पिटाई से वह मूर्छित होकर जमीन पर गिर पड़ा।
अधमरा कर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। थोड़ी देर बाद उसे खोजते हुए उसका का भाई महबूब पहुंचा। वह उसे लेकर डुमरी अस्पताल पहुंचा। हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
हालत में सुधार होने पर वह थाने पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने सद्दाम की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। थानाध्यक्ष गोरखनाथ सरोज ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है।