संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर। दुग्धेश्वरनाथ मंदिर के पास सड़क हादसे में पांच युवक घायल हो गए। एक युवक को गंभीर चोट लगी है। हादसा बुधवार की रात करीब 10 बजे हुआ। कार सवार युवक तरकुलहा से एक कार्यक्रम में शामिल होकर घर लौट रहे। सड़क पर खड़े एक ट्रेलर से बचने में दीवार से टकरा गए। सीट बेल्ट लगाने की वजह से वाहन सवारों की जान बच गई।
जानकारी के अनुसार, नगर के पश्चिमी तिवारी टोला निवासी अभय कुमार गुप्ता (28) पुत्र राजेश गुप्त, शाहिद (30) पुत्र असगर अली, अमित (28) जर्नादन, सूरज (26) पुत्र अनिल भाटिया निवासी टेढ़ा स्थान और शिवम पुत्र शंभुनाथ पांडेय निवासी शिवाला वार्ड बुधवार की शाम कार से चौरीचौरा के तरकुलहा देवी मंदिर पर एक कार्यक्रम में गए थे। रात करीब 10 बजे पांचों लोग चार पहिया वाहन से घर लौट रहे थे। रुद्रपुर-गौरी बाजार मार्ग पर दुग्धेश्वरनाथ मंदिर के पास सड़क पर एक ट्रेलर खड़ा था।
इस बीच कार के सामने एक बोलेरे आ गई। कार सवार बचाने के लिए किनारे हुए तो सड़क की बाई तरफ ट्रेलर खड़ा था। अनियंत्रित होकर सवार युवक दीवार से टकरा गए। हादसे में सवार पांचों घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज देवरिया में भर्ती कराया गया। शिवम के सिर में गंभीर चोट लगने के कारण चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। वाहन के परखच्चे उड़ गए। पुलिस का कहना है कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया गया है।