परसियां-विशुनपुर देवार में पुलिस और आबकारी टीम ने तोड़ीं तीन भट्ठियां, 16 क्विंटल लहन नष्ट
बरहज। सरयू नदी पार परसियां-विशुनपुर देेवार में मंगलवार को पुलिस और आबकारी की संयुक्त टीम ने कच्ची शराब के खिलाफ अभियान चलाया। टीम ने तीन भट्ठियों और 16 क्विंटल लहन को नष्ट कर दिया। साथ ही 180 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई। कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबारियों में हड़कंप रहा।
पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम सुबह पांच बजे नाव आदि के जरिए परसियां-विशुनपुर देवार पहुंची। बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स को देख अवैध शराब के कारोबारी भाग खड़े हुए। करीब सात घंटे तक चली कार्रवाई में संयुक्त टीम ने कच्ची शराब बनाने के उपकरण, लहन आदि नष्ट किया। टीम में आबकारी इंस्पेक्टर पंकज विवेक, थानाध्यक्ष जयशंकर मिश्र, मिथिलेश कुमार, मुन्ना खरवार, रामराज, सूरज, अजय कुमार यादव, अखिलेश कुमार आदि शामिल रहे। थानाध्यक्ष ने बताया कि अवैध शराब का कारोबार बंद होने तक कार्रवाई जारी रहेगी। संलिप्त लोगों की पहचान कराकर बड़ी कार्रवाई की जाएगी।