तरकुलवा। विकास खंड क्षेत्र के कनकपुरा के गेंदाखेली मैदान में चल रहे राज्यस्तरीय फुटबॉल महाकुंभ का फाइनल मुकाबला बुधवार को बेलवनिया और बाबूपट्टी की टीमों के बीच खेला गया। इसमें बेलवनिया की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए बाबूपट्टी को 5-0 से करारी शिकस्त दी और ट्रॉफी अपने नाम कर ली। बेलवनिया के खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल और तेज गति से खेलते हुए बाबूपट्टी की रक्षापंक्ति को पूरी तरह भेद दिया।
निर्धारित समय में खेले गए फाइनल मुकाबले के पहले हॉफ के 10 वें व 18 वें मिनट में बेलवनिया के 10 नंबर जर्सी के स्टार खिलाड़ी ने एक के बाद एक लगातार गोल दागकर अपनी टीम को 2-0 की मजबूत बढ़त दिला दी। दूसरे हॉफ के 12वें मिनट में बेलवनिया के 9 नंबर जर्सी के खिलाड़ी ने एक गोल दागे, जबकि अन्य दो गोल टीम के 7 और 8 नंबर की जर्सी के खिलाड़ियों ने किए। दूसरी ओर बाबूपट्टी की टीम मैच में वापसी करने में नाकाम रही और एक भी गोल नहीं कर सकी। इस तरह बेलवनिया ने एकतरफा मुकाबले में बाबूपट्टी को 5-0 से शिकस्त देकर ट्रॉफी अपने नाम कर लिया। फाइनल मैच के मुख्य अतिथि नगर पंचायत तरकुलवा के अध्यक्ष जनार्दन कुशवाहा व विशिष्ट अतिथि सोनू राव, पूर्व प्रधान मुन्नू बाबू आदि ने विजेता व उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को ट्रॉफी प्रदान किया। नगर अध्यक्ष ने कहा कि गांव में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत है उनको बेहतर प्लेटफार्म उपलब्ध कराने की। भाजपा सरकार खेल और खिलाड़ियों को लेकर काफी संवेदनशील है। आयोजक समाजसेवी मुकेश सिंह ने आगंतुकों के प्रति आभार ज्ञापित किया। कमेंट्री संदीप शर्मा ने किया, जबकि निर्णायक नसीर अहमद व प्रद्युमन्न शर्मा रहे। गोल जज की भूमिका में प्रमोद सिंह व माइकल रहे। लाइन मैन का कार्य अभिषेक व वसीम ने किया। इस दौरान कुलदीप, आकाश, दुर्गेश, ऋषभ, विक्की, शुभम, विवेक, ऋषु, अंकित, दिलीप, शिवकुमार आदि मौजूद रहे।