पुरानी पेंशन बहाली के लिए शिक्षकों ने भरी हुंकार
देवरिया/रुद्रपुर। पुरानी पेंशन बहाली के लिए मंगलवार को शिक्षकों ने बीआरसी पर हुंकार भरी। तीन घंटे तक चले धरना-प्रदर्शन में शिक्षकों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने मुख्य सचिव को संबोधित 21 सूत्री मांग पत्र संबंधित बीईओ को सौंपा। शिक्षक एक दिन का आकस्मिक अवकाश लेकर आंदोलन में शामिल हुए।
ब्लॉक अध्यक्ष लालकृष्ण सिंह के नेतृत्व में आंदोलित शिक्षकों ने कहा कि यूपी में पुरानी पेंशन बहाली के लिए वर्षों से आंदोलन चल रहा है। केंद्र और राज्य सरकार शिक्षकों के हितों की अनदेखी कर रही है। शिक्षकों को उपार्जित और प्रत्येक महीने के दूसरे शनिवार को भी अवकाश चाहिए। शिक्षा पर जोर देने वाली सरकार हर विद्यालय में फर्नीचर, पंखे, पीने का शुद्ध पानी और चहारदीवारी के इंतजाम कराए जाएं। विद्यालय की रखवाली के लिए चौकीदार की नियुक्ति और शिक्षकों के पदोन्नति की कार्रवाई तत्काल पूरी की जाए।
शिक्षकों ने शिक्षामित्र, अनुदेशक और रसाइयों का मानदेय भी बढ़ाने की मांग की। उन्होंने कहा कि कोविड संक्रमण के दौरान मृतक शिक्षकों के परिजनों को अब तक अहेतुक मदद नहीं मिली, जिससे उनका परिवार आर्थिक तंगी से गुजर रहा है। प्रदर्शन करने वालों में अध्यक्ष लालकृष्ण सिंह, ब्रजेश कुमार राव, डॉ. अनुज श्रीवास्तव, सत्य प्रकाश सिंह, दीनानाथ चतुर्वेदी, सत्य नारायण मणि, शिवानंद तिवारी, भानु प्रताप शाही, विनय यादव, राघवेंद्र सिंह, अजय कुमार सिंह, प्रियंका सिंह, राम विश्वास राव, शुभम मिश्र, प्रमोद कुमार सिंह, नीतिश यादव आदि मौजूद रहे।
सलेमपुर और मईल बीआरसी पर भी हुआ प्रदर्शन
सलेमपुर/मईल। प्राथमिक शिक्षक संघ ने बीआरसी पर धरना देकर बीईओ बीरबल राम को पत्रक सौंपा। प्रदर्शन में प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष जयप्रकाश सिंह, जूनियर शिक्षक संघ के अध्यक्ष बृजेश द्विवेदी, रमेश यादव आदि मौजूद रहे। भागलपुर ब्लॉक के बीआरसी मईल पर धरने की अध्यक्षता संगठन के ब्लॉक संरक्षक अशोक तिवारी ने की। मुख्य अतिथि जिला मंत्री आनंद प्रकाश यादव व विशिष्ट अतिथि जिला मंत्री राजनाथ यादव रहे। संचालन ब्लॉक मंत्री अरुण तिवारी ने किया। शिक्षामित्र संघ के जिला मंत्री ने कहा कि यदि शिक्षक-शिक्षामित्र नहीं चेते तो बेसिक शिक्षा का जल्द ही निजीकरण हो जाएगा। ब्लॉक अध्यक्ष सुशील सिंह ने कहा कि सदस्यता अभियान चलाकर अधिक से अधिक शिक्षकों को जोड़ा जाए। इस दौरान अरुण तिवारी, राजेश कुमार, सुरेंद्र सिंह यादव, राजीव कुमार संयुक्त मंत्री, नरेंद्र यादव, मीरा कुशवाहा, रीना यादव, ममता,शीला यादव, अरविंद वर्मा आदि मौजूद रहे।
शासन को भेजा 21 सूत्री मांगपत्र
बरहज। स्थानीय बीआरसी परिसर में प्राथमिक शिक्षक संघ ने अपनी मांगों को लेकर धरना दिया। जहां सरकार पर जमकर भड़ास निकालते हुए प्रदर्शन किया। रजिस्टर्ड डाक के जरिए शिक्षकों ने शासन को 21 सूत्रीय मांग पत्र भेजा।
बीआरसी परिसर में मुख्यमंत्री को संबोधन ज्ञापन बीईओ को सौंपा
भटनी/लार। नगर के बीआरसी परिसर में उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षकों ने मंगलवार को पुरानी पेंशन बहाली समेत 21 मांगों के लिए धरना दिया। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन बीईओ को सौंपा। इस दौरान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष ओमप्रकाश शुक्ल ने कहा कि नवीन पेंशन योजना शिक्षकों की वृद्धावस्था में उनके जीवन यापन के योग्य नहीं है। लार के प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष गोविंद मिश्रा के नेतृत्व में शिक्षको ने लार बीआरसी परिसर में धरना दिया। ब्लॉक अध्यक्ष ने कहा कि संगठन के आह्वान पर प्रदर्शन किया गया है। इस मौके पर मुसर्रफ, आसमा, धर्मेंद्र कुमार सिंह, अरुण तिवारी, अभय मिश्रा, अनिल सिंह, विनोद कुमार, आफताब, अमित सिंह, प्रियांशु तिवारी, संतोष सिंह, सर्वेश यादव, बिश्वभर गुप्ता, सिब्लू सिंह, अजय यादव, संजीव तिवारी, दूधनाथ यादव, देव शरण सिंह, ईश्वर चंद्र, अरूण तिवारी आदि सैकड़ों शिक्षक मौजूद रहे।