पति को जेल भेजने के विरोध में महिलाओं के साथ किया प्रदर्शन
रुद्रपुर/एकौना। पति को जेल भेजने के विरोध में गांव की महिलाओं के साथ पत्नी ने तहसील में प्रदर्शन किया। उन्होंने सीओ को ज्ञापन देकर पट्टीदारों पर फर्जी मुकदमे में फंसाने का आरोप लगाया। उन्होंने मामले की जांच कर मुकदमा खारिज करने की मांग की। ऐसा नहीं होने पर सीएम आवास पर आत्मदाह की धमकी दी।
एकौना थाना क्षेत्र के पचलड़ी गांव के 80 वर्ष के रामसमुझ के दो बेटों में बड़े अशोक यादव नेवी में नौकरी करते हैं। छोटा बेटा लालमन गांव पर रहते हैं। दोनों भाइयों में संपत्ति के बंटवारे का विवाद चल रहा है। रामसमुझ अपने जिंदा रहते संपत्ति का बंटवारा नहीं करना चाहते हैं। इससे दोनों भाइयों में रार चल रही है। 29 जुलाई को अशोक के बेटे अश्वनी यादव के पैर में गोली लगने के बाद उसकी मां ऊषा देवी ने ससुर और देवर के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कराया। पुलिस ने 80 साल के रामसमुझ, उनके छोटे बेटे लालमन और लालमन के साले गोरखपुर जिले के बेलीपार गांव निवासी राजेश यादव के खिलाफ हत्या के प्रयास और मारपीट का केस दर्ज कर लालमन को जेल भेज दिया। लालमन के जेल जाने से आहत उनकी पत्नी बबिता देवी ने गांव की महिलाओं को लेकर सोमवार को तहसील में प्रदर्शन किया। बबिता ने कहा कि उनकी जेठानी पे उनके पति और ससुर को फंसाने के लिए बेटे पर जानबूझकर फायरिंग कराई है। वह लोग ससुर के जिंदा रहते जमीन जायदाद हड़पना चाह रहे हैं। इस बाबत सीओ अंबिका प्रसाद ने कहा कि गोलीकांड की पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है। विवेचना में सारा मामला प्रकाश में आ जाएगा।