संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जीएसटी में कटौती से कारोबार में बूम आया हुआ है। दशहरा में जबरदस्त व्यवसाय के बाद अब अब दीपावली में कारोबार में उछाल में उम्मीद है। कारोबारी 40 से 50 प्रतिशत वृद्धि की आशा में अपनी व्यवस्था चुस्त दुरुस्त करने में जुटे हैं। जिससे मौके पूरा लाभ उठाया जा सके।
सरकार ने 22 सितंबर से जीएसटी की नई दरें लागू कीं। इसके चलते उत्पाद के अनुसार सात से 10 प्रतिशत टैक्स में कमी आई। वाहनों पर जीएसटी 28 प्रतिशत से घटकर 18 प्रतिशत रह गई। यही हाल इलेक्ट्रानिक्स उत्पादों और रेफ्रिजरेटर का रहा। इसके चलते ग्राहकों की कतार शोरूम की ओर बढ़ने लगी।
दशहरा में पूरे सितंबर माह के 21 दिनों की अपेक्षा कई गुना अधिक कारोबार हुआ। इसमें वृद्धि करीब 50 प्रतिशत से अधिक दर्ज की गई। इससे उत्साहित कारोबारियों को दीवाली से उम्मीद बढ़ गई है। शहर के पुरवां में स्थित एक जापानी वाहन कंपनी के शोरूम में 22 सितंबर को करीब 30 गाड़ियां बिकीं। पूरे नवरात्र में यहां 160 के करीब गाड़ियों की बिक्री हुई।
शोरूम के मैनेजर ने बताया कि दीपावली से छठ तक दो सौ से अधिक गाड़ियां बेचने का लक्ष्य है। जीएसटी की वजह से और अधिक गाड़ियां बिकने की उम्मीद है। वहीं रुच्चापार स्थित एक कोरियाई कंपनी के शोरूम में दीवाली में दशहरे के मुकाबले 50 प्रतिशत अधिक गाड़ियां बिकने की उम्मीद शोरूम मालिक जता रहे हैं। इसी तरह दो पहिया वाहन की बिक्री भी दीपावली में रिकार्ड तोड़ने की ओर है।
दशहरे में पुरवां और सोंदा के शोरूम के अलावा सब डीलर्स को मिलाकर एक बाइक ब्रांड ने करीब 700 वाहन बेच दिए। दीपावली में इस बाइक ब्रांड की 50 प्रतिशत अधिक गाड़ियां बेचने का लक्ष्य हैं। वहीं छठ के बाद 30 अक्तूबर तक आठ हजार गाड़ियां बेचने का लक्ष्य शोरूम प्रबंधक ने बनाया है। एक दक्षिण भारतीय कंपनी के पुरवां शोरूम के प्रोपराइटर के अनुसार दशहरा में जबरदस्त उछाल देखने को मिला।
पिछले तीन महीने में हुई सेल के मुकाबले दो गुनी सेल नवरात्र में हुई। दीवाली में हम दशहरा के मुकाबले तीन गुनी बिक्री की उम्मीद लगा रहे हैं।