देवरिया। सदर तहसील बार एसोसिएशन मंगलवार को तहसील परिसर में प्रदर्शन कर प्रदेश में अधिवक्ताओं की हत्या को लेकर चिंता व्यक्त की। उन्होंने सरकार से एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट पास कर लागू करने की मांग की।
अध्यक्ष युगल किशोर तिवारी के नेतृत्व में पहले तहसील सभागार में बैठक हुई। इसमें प्रदेश में अधिवक्ताओं की हो रही निर्मम हत्या के प्रति रोष जताया गया। इसके बाद अधिवक्ताओं ने सदर तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट बिल तत्काल पास कर लागू किया जाए। साथ ही साथ केंद्र सरकार की ओर से अधिवक्ता विधेयक में संशोधन करते हुए अधिवक्ताओं के खिलाफ काला कानून लागू किया जा रहा है। इसे तत्काल वापस लिया जाए। अधिवक्ताओं ने इस कानून के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद एसडीएम सदर श्रुति शर्मा को ज्ञापन सौंपा। बैठक को मंत्री विजयसेन यादव, कमल मणि त्रिपाठी, अजय कुमार श्रीवास्तव, रामछबीला यादव, राजेश सिंह, राकेश कुमार शाही आदि ने संबोधित किया। इस अवसर पर राजाराम प्रसाद, राधेश्याम पटेल, रविंद्र यादव, विवेकानंद, शिवाजी शर्मा, सूरज यादव, युसूफ काजी आदि उपस्थित रहे।