खुखुंदू। स्थानीय कस्बे में चल रहे नाला निर्माण कार्य के दौरान मंगलवार दोपहर में जेसीबी से खोदाई का काम चल रही थी। इसी बीच अंडरग्राउंड 11 हजार का विद्युत केबल क्षतिग्रस्त हो गया। इससे खुखुंदू कस्बा समेत 75 गांवों की आपूर्ति ठप हो गई। निगम कर्मियों का कहना है कि अब पूरी रात बिजली गुल रहेगी। करीब दो माह पहले भी विद्युत केबल क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद बिजली निगम और ठेकेदार में विवाद चल रहा है। फिर ठेकेदार ने भुगतान किया तो दो दिन बाद क्षतिग्रस्त केबल बदलकर आपूर्ति बहाल कराई गई।
जानकारी के अनुसार, खुखुंदू विद्युत उपकेंद्र में चार फीडरों बैदौली, नूनखार, सोनबरसा और गड़ेर क्षेत्र के 250 गांवों में विद्युत आपूर्ति की जाती है। मंगलवार दोपहर में स्थानीय चौराहे पर नाला खोदाई के दौरान बैदौली फीडर के 11 हजार का अंडर ग्राउंड केबल क्षतिग्रस्त हो गया। इससे इस फीडर के अंतर्गत आने वाले स्थानीय कस्बा समेत 75 गांवों की आपूर्ति ठप हो गई। उधर, जैसे ही केबल क्षतिग्रस्त होने की सूचना निगम के कर्मचारियों को लगी। वह मौके पर पहुंच ठेकेदार के कर्मियों से हो-हल्ला करने लगे। ठेकेदार के कर्मियों का कहना है कि जब खुदाई शुरू हुआ तो जेई को सूचना दिया गया। निगम के कर्मचारी मौके पर मौजूद थे। वह जैसे बताए उसी हिसाब से खुदाई कराई गई। फिर भी जानबूझकर केबल क्षतिग्रस्त करने का आरोप लगाया जा रहा है। जेई सोनू कुमार का कहना है कि इससे पहले भी ठेकेदार केबल क्षतिग्रस्त कराया था। मंगलवार को भी कर्मचारियों के मना करने पर भी खुदाई कराकर केबल क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। ठेकेदार अगर क्षतिग्रस्त केबल नहीं बदलवाते है तो उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।