शाहजहांपुर में अधिवक्ता की हत्या के विरोध में प्रदर्शन, नहीं किया न्यायिक कार्य
देवरिया। शाहजहांपुर में अधिवक्ता भूपेंद्र सिंह की हत्या के विरोध में उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के आह्वान पर जनपद में बुधवार को अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे। अधिवक्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जिलाधिकारी कार्यालय के सामने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री को संबोधित तीन सूत्रीय ज्ञापन एडीएम वित्त एवं राजस्व नागेंद्र नाथ को सौंपा।
डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन तथा जिला कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन की अलग-अलग बैठक संघ भवन पर हुई, इसमें न्यायिक कार्य से विरत रहने के निर्णय लिया गया। इसके बाद डिस्ट्रिक्ट बार के अध्यक्ष सिंहासन गिरि, मंत्री मनोज राय, उपाध्यक्ष संदीप सिंह पाल तथा जिला कलेक्ट्रेट बार के अध्यक्ष सतीश चंद्र पति त्रिपाठी, मंत्री ज्ञानेश्वर मिश्र प्रीतम, उपाध्यक्ष ओमप्रकाश मिश्र के नेतृत्व में अधिवक्ता नारेबाजी करते हुए डीएम कार्यालय पर पहुंचे और प्रदर्शन किए। उनका कहना था कि मृतक अधिवक्ता के परिजनों को 50 लाख आर्थिक सहायता, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, एडवोकेट प्रोटेक्शन बिल तत्काल प्रभाव से लागू करने तथा आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को न्यायालय परिसर में प्रवेश से वर्जित करने की मांग की गई।
इस दौरान शशिभूषण मिश्र, देवेंद्र नाथ तिवारी, राजेंद्र जायसवाल, रामनगीना राय, वृजानंद निषाद, दिग्विजय धर दुबे, पंचानन शुक्ल, रामानुज शुक्ल, चंद्रबली शुक्ला, आशीष यादव, रजनीश श्रीवास्तव, शैलेश पांडेय, अभिषेक सिंह, कमला सिंह, आशीष कुंवर पांडेय आदि मौजूद रहे।
अधिवक्ता संघ ने एसडीएम को दिया ज्ञापन
भाटपाररानी। तहसील अधिवक्ता संघ की बैठक बुधवार को अध्यक्ष प्रदीप कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में हुई। अधिवक्ता भूपेंद्र सिंह की कोर्ट परिसर में गोली मारकर हत्या की कड़े शब्दों में निंदा की गई। घटना के विरोध में अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे। अधिवक्ताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम सुनील सिंह को सौंपा और अधिवक्ता सुरक्षा कानून लागू करने की मांग की। इस दौरान उपेंद्र मणि तिवारी, विजय प्रताप तिवारी, राजू सिंह, चंद्रशेखर सिंह, सुशील कुमार ओझा, हरीश चंद्र पाठक, लाल साहब यादव, रामाधार, राणा प्रताप सिंह, देवता शरण तिवारी, ओम प्रकाश उपाध्याय, धनंजय प्रताप मौर्य, प्रदीप गुप्ता सहित समस्त अधिवक्ता मौजूद रहे।
अधिवक्ता सुरक्षा एक्ट लागू कराने की मांग की
रुद्रपुर। कोर्ट परिसर में अधिवक्ता की हत्या पर बार संघ रुद्रपुर के वकीलों ने नाराजगी जताई। बुधवार को बार संघ ने राज्यपाल को संबोधित पत्रक एसडीएम को सौंपा। उन्होंने यूपी में अधिवक्ता सुरक्षा एक्ट लागू करने की मांग की।
बार संघ के अध्यक्ष सत्यानंद पांडेय और मंत्री धीरज कुमार सिंह के नेतृत्व में एसडीएम से मिलकर वकीलों ने कहा कि कोर्ट परिसर में आए दिन वकीलों के हत्या की घटनाएं सामने आ रही हैं। लोगों को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करने वाले अधिवक्ताओं की जान पर लगातार खतरा मंडरा रहा है। कोर्ट परिसर में आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के शस्त्र लेकर आने पर पूर्ण रुप से रोक लगाई जाए। प्रदेश में एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू कर वकीलों की सुरक्षा तय की जाए। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं को मारे जाने वाले वकीलों के परिवार को आर्थिक सहायता के साथ सरकार की तरफ से एक आश्रित को नौकरी भी मिले। उन्होंने अधिवक्ताओं को असलहा रखने के लिए लाइसेंस जारी करने की मांग की। पत्रक देने वालों में परशुराम मिश्र, नागेंद्र राव, फणिंद्रनाथ पांडेय, सत्य प्रकाश सिंह, अनिल कुमार, बालेंदु पांडेय, शिवरतन पांडेय, रमेश मणि, बलवंत कुमार, कृष्णमूर्ति त्रिपाठी, सुधांशु मौलि ओझा आदि मौजूद रहे।