एडी बेसिक ने की परिषदीय स्कूलों की जांच
रुद्रपुर। एडी बेसिक ने मंगलवार को परिषदीय स्कूलों का निरीक्षण किया। दो स्कूलों में शिक्षण व्यवस्था और सजावट को देख वह संतुष्ट दिखे। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका स्कूल में गंदगी और रखरखाव की बदइंतजामी पर नाराजगी जाहिर की।
मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक डॉ. सत्य प्रकाश मणि ने मंगलवार को नगर के अंग्रेजी माध्यम स्कूल रुद्रपुर सेकेंड की जांच की। विद्यालय में कोविड नियमों के तहत दो शिफ्ट में पढ़ाई व्यवस्था चल रही थी। कमरों और परिसर में शैक्षणिक माहौल को देख एडी बेसिक ने प्रधानाध्यापक अखिलेश कुमार भारती समेत पूरे स्टॉफ की सराहना की। उन्होंने शिक्षक डायरी, छात्रों के अभिभावकों के खाते में भेजे गए एमडीएम की धनराशि के बारे में पड़ताल की। जिसके बाद उन्होंने जूनियर हाईस्कूल कोरवा की जांच की। विद्यालय के प्रधानाध्यापक से शिक्षण पद्धति और छात्रों को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में पूछताछ की। विद्यालय में निर्माणाधीन शौचालय को पूरा कर परिसर में मिट्टी गिराने को निर्देशित किया। जांच टीम ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका में छात्रों के आवास का निरीक्षण किया। कमरों में गंदगी और रसोई घर में सामानों का रख-रखाव खराब मिला। एडी बेसिक ने कस्तूरबा विद्यालय के स्टॉफ को आपसी सामंजस्य बना कर आवासीय परिसर में रख-रखाव दुरुस्त करने को कहा। निरीक्षण के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. प्रभात कुमार राय, जया राय राय आदि मौजूद रहे।