बघौचघाट। थाना क्षेत्र के मेहा हरहंगपुर गांव निवासी एक युवक की उमराह के बाद सऊदी अरब में मौत हो गई है। मौत की सूचना परिजनों को मिली तो घर में कोहराम मच गया। मौत की वजह हार्ट अटैक बताई जा रही है।
मेहा हरहंगपुर गांव के रहने वाले मोहम्मद शाद सिद्दीकी पुत्र इरशाद सिद्दीकी अपनी मां कौसर जहां के साथ फरवरी में उमराह के लिए सऊदी अरब गए थे। वीजा खत्म होने के कारण नौ फरवरी को मां कौसर जहां घर चली आईं। परिजनों के मुताबिक बुधवार की सुबह उमराह के बाद मोहम्मद शाद की अचानक तबीयत बिगड़ गई। वह मधुमेह से पीड़ित थे, जिसका इलाज चल रहा था। बताया जा रहा है कि युवक की मौत हार्ट अटैक से हुई है। मोहम्मद शाद तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। अभी शादी नहीं हुई थी। पिता गांव के एक मदरसे में शिक्षक हैं।