सलेमपुर। रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर भीड़ देख उसके साथ आए युवकों ने उसकी पहचान की। जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, भाटपार रानी थाना क्षेत्र के पड़री उमन गांव निवासी 19 वर्षीय आकाश पुत्र बबलू रविवार दोपहर में घर पर बताकर निकला था कि वह दोस्त को सलेमपुर रेलवे स्टेशन छोड़ने जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, सलेमपुर रेलवे लाइन पार करते समय लार रोडकी तरफ से भटनी जा रही एक ट्रेन की चपेट में वह आ गया। इससे मौके पर उसकी मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही युवक के पिता बबलू सहित परिजन रेलवे स्टेशन पहुंच गए। पिता ने बताया कि आकाश इसी माह रोजगार के सिलसिले में विदेश जाने की तैयारी कर रहा था। उसकी शादी भी नहीं हुई थी। कोतवाल दिनेश कुमार मिश्र ने बताया कि शव जीआरपी ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।