सड़क हादसे में व्यक्ति की मौत
देवरिया। सदर कोतवाली क्षेत्र के सोंदा गांव के पास सोमवार रात सड़क पार करने के दौरान एक व्यक्ति अज्ञात वाहन की चपेेट में आने से घायल हो गया। परिजनों ने जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने गोरखपुर मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। जहां मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई।
जेल रोड चौकी क्षेत्र के सोंदा गांव निवासी जयनाथ गुप्ता पुत्र नवरंगी गुप्ता किसान थे। वह देर रात घर के सामने एक परिचित के यहां बर्थ-डे में जा रहे थे। इसी बीच सड़क पार करते समय किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हालत बिगड़ती देख चिकित्सकों ने उन्हेें मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भेज दिया। परिजन उन्हें लेकर जा रहे थे कि रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया।