सिपाही, स्वास्थ्यकर्मी समेत 65 लोग मिले पॉजिटिव
जनपद में सक्रिय मरीजों की संख्या हुई 313 के पार, शाखा प्रबंधक समेत दो बैंक कर्मी भी संक्रमित
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। कोरोना संक्रमण तेजी से पांव पसार रहा है। प्रतिदिन दिन संक्रमित मरीजों में इजाफा हो रहा है। रविवार को 65 लोग पॉजिटिव मिले हैं। सक्रिय मरीजों की संख्या 313 तक पहुंच गई है। इसे लेकर स्वास्थ्य विभाग चिंतित है।
रविवार को आई रिपोर्ट में सदर ब्लॉक के रहने वाले लैब टैक्नीशियन, गौरीबाजार क्षेत्र के एक स्वास्थ्य कर्मी, शहर के एक मोहल्ले के पुलिस कर्मी, भाटपाररानी क्षेत्र के एक बैँक के शाखा प्रबंधक और सलेमपुर क्षेत्र के एक बैंक कर्मी संक्रमित मिले हैं। देवरिया शहर के एक मोहल्ला के युवक ने पथरी का ऑपरेशन कराने के लिए जांच कराई तो रिपोर्ट पॉजिटिव मिला। शहर के एक अस्पताल में इलाज कराने आई बिहार की एक महिला जांच में संक्रमित मिली। शहर की तीन महिलाओं व चार पुरुषों ने सर्दी, जुकाम, बुखार होने पर जांच कराए तो पॉजिटिव मिले। वहीं, पुलिस कार्यालय की एक महिला कर्मी भी संक्रमित मिली है।
इसी प्रकार सदर ब्लॉक क्षेत्र के एक युवक ने विदेश जाने के लिए जांच कराई तो पॉजिटिव मिला। इसी क्षेत्र की एक किशोरी एवं एक महिला भी संक्रमित मिली है। भटनी व रुद्रपुर क्षेत्र के दो युवकों ने लखनऊ में जांच कराई तो पॉजिटिव मिले। भलुअनी ब्लॉक की एक महिला अपनी मां का इलाज कराने लखनऊ गई, जहां जांच में संक्रमित मिली। उसके परिवार में चार सदस्य हैं। सलेमपुर ब्लॉक के एक युवक ने तीन दिन से सर्दी होने पर जांच कराई तो संक्रमित मिला। इसी क्षेत्र के दो युवक व एक महिला पॉजिटिव मिले हैं। इसी ब्लॉक के एक युवक ने बीमार होने पर जांच कराई तो संक्रमित मिला। रुद्रपुर क्षेत्र की एक महिला व एक व्यक्ति भी पॉजिटिव मिले हैं। बरहज ब्लॉक की एक महिला ने तबीयत खराब होने पर जांच कराई तो संक्रमित मिली। देसही देवरिया ब्लॉक की एक युवती वैक्सीन लगवाने गई, जहां जांच में पॉजिटिव मिली। भटनी व भाटपाररानी क्षेत्र के दो युवकों ने विदेश जाने के लिए वाराणसी एयरपोर्ट पर जांच कराई, तो संक्रमित मिले। भाटपाररानी क्षेत्र का एक युवक नोएडा से घर आया है। जांच कराने पर पॉजिटिव मिला। इसी क्षेत्र के एक युवक ने हल्का बुखार आने पर जांच कराई तो संक्रमित मिला। तरकुलवा क्षेत्र के कुछ दिन पहले पॉजिटिव आए एक युवक की मां भी जांच में संक्रमित मिली हैं। बैतालपुर क्षेत्र का एक युवक नोएडा से घर आया है। जांच कराने पर पॉजिटिव मिला। इसी क्षेत्र के एक व्यक्ति ने बुखार होने पर जांच कराई तो संक्रमित मिला। इसी ब्लॉक का एक युवक विदेश जाने के लिए जांच कराने पर संक्रमित मिला।
281 का होम आइसोलेशन में चल रहा इलाज
देवरिया। जिले में अब तक 20,590 लोग पॉजिटिव हो चुके हैं। वहीं, 20,055 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। इस समय होम आइसोलेशन में 281 लोगों का इलाज चल रहा है। जबकि 18 लोग स्वस्थ हुए हैं।
कोट
कोरोना संक्रमण को लेकर रोकथाम के एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। जांच बढ़ा दी गई है। पॉजिटिव केस के सापेक्ष कांटेक्ट ट्रेसिंग कराई जा रही है। रविवार को 65 लोग पॉजिटिव मिले। जिले में एक्टिव केस 313 हैं। सावधानी बरतने तथा कोरोना के नियमों का पालन करें।
-डॉ. आलोक पांडेय, सीएमओ