खुखुंदू कस्बे में विवादित दुकान पर मारपीट में छह लोगों पर जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज
खुखुंदू। स्थानीय कस्बे में विवादित दुकान को लेकर हुए विवाद और मारपीट के मामले में पुलिस ने छह लोगों पर बलवा, तोड़फोड़ और जानलेवा हमला सहित अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। काफी संख्या में थाने पहुंचे गांववाले मुकदमा दर्ज होने के बाद घर वापस लौट गए। पुलिस इस प्रकरण में पांच को हिरासत में ले रखी है। घटना को लेकर अभी भी गांववालों में काफी आक्रोश है।
पुलिस को दिए गए तहरीर में पीड़ित नरसिंह पटेल ने बताया है कि हमारा दुकान कस्बे के श्रवण को किराए पर दिया गया है। जो खाली नहीं कर रहे है। इसकी शिकायत दो दिन पूर्व थाने पर की गई थी। जिसपर पुलिस ने जमीन संबंधित विवाद बताकर समाधान दिवस पर निस्तारण के लिए कही। तबतक दुकानें बंद रहेगी। श्रवण और उनके भाइयों द्वारा मिलकर मंगलवार को जबर्दस्ती दुकान खोला जाने लगा। जब हमारे परिवार की महिलाएं इसका विरोध जताई तो श्रवण पक्ष ने रॉड, सबल सहित डंडे से महिलाओं पर हमला कर दिया। पुलिस ने इस मामले में श्रवण, राजेश, गजेंद्र और सत्येंद्र पुत्र त्रिवेणी, राहुल और रोहित के खिलाफ बवाल, तोड़फोड़, जानलेवा हमला सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। एसओ नवीन चौधरी ने कहा कि तहरीर के आधार पर जांच के बाद मुकदमा दर्ज किया गया है।