4547 किशोरों को लगी कोरोनारोधी वैक्सीन
देवरिया। जिले में मंगलवार को 481 केंद्रों पर लक्ष्य 66 हजार की जगह 29 हजार पांच सौ एक लोगों को वैक्सीन की डोज लगाई गई। इसमें 4547 किशोरों को कोरोनारोधी वैक्सीन लगी। इसके अलावा युवा, बुजुर्गों, 45 वर्ष के ऊपर के लोगों को वैक्सीन की प्रथम तथा द्वितीय डोज लगाई गई। वहीं हेल्थ केयर वर्कर, फ्रंट लाइन वर्कर व 60 वर्ष अधिक उम्र के लोगों को प्रीकाशन डोज लगाई गई।
कोरोना से बचाव के लिए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग टीकाकरण में जुटा है। अधिक से अधिक लोगों टीका लगाने का प्रयास किया जा रहा है। मंगलवार को जिला अस्पताल के एमसीएच विंग, जिला महिला अस्पताल, जिला होम्योपैथ कार्यालय परिसर तथा न्यू पीएचसी चकियवा, रामनाथ देवरिया, सोमनाथ केंद्र पर टीका लगाया। इन स्थानों पर वैक्सीन की प्रथम, द्वितीय तथा प्रीकाशन डोज लगाई गई। वहीं चिह्नित विद्यालयों व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर भी टीका लगाया गया।
जनपद में 1162 लोगों को वैक्सीन की प्रीकाशन डोज लगाई गई। इसमें 61 हेल्थ केयर वर्कर, 244 फ्रंट लाइन वर्कर तथा 60 साल से अधिक उम्र के 857 लोग शामिल रहे। वहीं 4547 किशोर, 4757 युवा, 1200 बुजुर्ग व 45 वर्ष से अधिक उम्र के 2333 को वैक्सीन की प्रथम तथा 15502 लोगों को द्वितीय डोज लगाई गई। सीएमओ डॉ. आलोक पांडेय ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भलुअनी अंतर्गत अभयानंद इंटर कॉलेज, आरबी माध्यमिक विद्यालय में किशोरों के टीकाकरण का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि जनपद में किशोर, युवा, बुजुुर्ग, 45 वर्ष से ऊपर के लोगों को वैक्सीन की प्रथम तथा द्वितीय डोज लगाई जा रही है। वहीं हेल्थ वर्कर, फ्रंट लाइन वर्कर, चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मियों तथा 60 वर्ष से अधिक के लोगों, जिन्हें नौ माह पहले वैक्सीन की द्वितीय डोज लग चुकी है, उन्हें प्रीकाशन डोज लगाई जा रही है। उन्होंने टीकाकरण से वंचित लोगों से टीका लगवाने की अपील की है।