निरीक्षण में गैर हाजिर मिले दो चिकित्सक, वेतन रोकने के निर्देश
सीएमओ व एसीएमओ ने वैक्सीनेशन केंद्रों का किया निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। मुुख्य चिकित्साधिकारी तथा कई एसीएमओ ने वैक्सीनेशन केंद्रों का सोमवार को निरीक्षण किया। सीएमओ के निरीक्षण में चिकित्सक अनुपस्थित मिले। इसे गंभीरता से लेते हुए उन्होंने एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
सीएमओ डॉ. आलोक पांडेय ने पीएचसी बैतालपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान टीकाकरण सत्र संतोषजनक मिला, लेकिन डॉ. आकृति दुबे व डॉ. सपना सिंह बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित मिलीं। इसे गंभीरता से लेते हुए उन्होंने एक दिन का वेतन रोकने तथा बिना सूचना के अनुपस्थित रहने के लिए स्पष्टीकरण तीन दिन में प्रभारी चिकित्साधिकारी के माध्यम से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारी व कर्मचारियों को निर्देश दिए है कि कोविड की बढ़ती स्थिति व विधान सभा चुनाव को देखते हुए अति आवश्यक होने पर अवकाश लेें। उन्होंने स्टेडियम, पुलिस लाइन तथा होम्योपैथी कार्यालय के केंद्र का भी निरीक्षण किया। एसीएमओ डॉ. सुरेंद्र कुमार चौधरी ने सीएचसी गौरीबाजार, नया पीएचसी असनहर, खैरटिया केंद्र पर वैक्सीनेश का निरीक्षण किया। नया पीएचसी खैरटिया केंद्र पर साफ-सफाई ठीक नहीं मिली। असनहर में पाया कि चिकित्सक की तैनाती न होने से मरीजों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। एसीएमओ डॉ. बीपी सिंह ने वैक्सीन के कोल्ड चेन प्वाइंट का निरीक्षण किया, जहां की वैक्सीन की उपलब्धता व आईएलआर टेंपरेचर को चेक किया गया। उन्होंने कहा है कि मंगलवार को अरबन में सभी सीएचसी व पीएचसी केंद्रों पर संचालित फिक्स सेशन के साथ प्रीकाशन डोज भी हेल्थ केयर वर्कर, फ्रंट लाइन वर्कर तथा बुजुर्गों को लगाया जाएगा। सीबीएसई व आईसीएसई बोर्ड तथा यूपी बोर्ड के अध्ययनरत कक्षा नौवीं से 12वीं के छात्रों को जिनकी आयु 15 से 18 के बीच है, उनका भी टीकाकरण उनके विद्यालय में होगा।