गुरुवार देर शाम भारी ओलावृष्टि और बारिश से मंडल भर में जनजीवन ठिठुर गया। रेल और बस यातायात प्रभावित हो गया। करीब आधा घंटे तक ओला पड़ने से मंडल भर में फसल चौपट हो गई है, जगह-जगह फॉल्ट होने से बिजली भी बाधित हुई है।
सुबह सात बजे गरज के साथ बारिश हुई थी। करीब एक घंटे की बारिश के बाद मौसम साफ हो गया था। उसके बाद देर शाम मुरादाबाद शहर, अमरोहा और संभल जिलों में गरज के साथ तेज बारिश और ओला पड़ने के कारण बिजली गुल हो गई। इस ओलावृष्टि के कारण मंडल में गेहूं, चना, सरसों, राई और मटर की फसल बिछ गई है।
उप निदेशक कृषि सीएल वर्मा ने बताया कि तेज बारिश और ओलावृष्टि के कारण मंडल में फसल को काफी क्षति हुई है। जिसका दो दिन के अंदर आंकलन कराने केनिर्देश जिला कृषि अधिकारियों को दिए हैं। उनसे रिपोर्ट मिलने के बाद ही किसानों को क्षतिपूर्ति के तौर पर आर्थिक मदद प्रदान की जाएगी।