वाराणसी एडीजी जोन कार्यालय के प्रतीक्षालय में बुधवार को एक हेड कांस्टेबल की पत्नी ने जहर निगल लिया। उसकी हालत बिगड़ी तो पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आननफानन उसे पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई गई है।
चिकित्सकों के अनुसार, महिला ने सब्जियों में डाले जाने वाले कीटनाशक का सेवन किया है। बलिया जिले के नरहीं थाना के पलिया खास उर्फ बड़का खेत गांव की कमला देवी अपने छोटे बेटे श्यामजी के साथ एडीजी जोन बृज भूषण के कार्यालय आई थीं।
श्यामजी के अनुसार, उसके पापा भरत प्रसाद यादव भदोही की पुलिस लाइन में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं और गुरुवार को सेवानिवृत्त होंगे। पापा 15 साल से घर नहीं आए और हम लोगों से कोई मतलब नहीं रखते हैं। 2014 में बाबा की मौत हुई तब भी पापा घर नहीं आए।
मां को शंका है कि पापा किसी दूसरी महिला के साथ रहते हैं। हम दोनों भाई बेरोजगार हैं और हमारा कोई सहारा नहीं है। पापा के पेंशन सहित अन्य कागजात मम्मी की फोटो और हस्ताक्षर के बगैर कैसे बन गए, यह समझ में नहीं आ रहा है।
इस संबंध में उच्चाधिकारियों से कई बार गुहार लगाई गई, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। मां एक बार फिर एडीजी जोन से गुहार लगाने आई थी, उनसे मुलाकात न हो पाने पर गुस्से में उन्होंने जहरीला पदार्थ निगल लिया।